Breaking News
ट्रेंडिंग न्यूज़देवरिया न्यूज़उत्तर प्रदेश न्यूज़राष्ट्रीय न्यूज़अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़राजनीतिक न्यूज़अपराधिक न्यूज़स्पोर्ट्स न्यूज़एंटरटेनमेंट न्यूज़बिज़नस न्यूज़टेक्नोलॉजी अपडेट लेटेस्ट गैजेट अपडेटमौसम

बाराबंकी में आवारा कुत्तों की गणना के लिए 250 शिक्षक बने नोडल अधिकारी, 31 दिसंबर को होगी समीक्षा

Published on: December 31, 2025
Census of stray dogs in Barabanki

द देवरिया न्यूज़,बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। बच्चों पर हो रहे हमलों और रेबीज के खतरे को देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने निजी और सरकारी विद्यालयों के एक-एक शिक्षक को नोडल अधिकारी नामित किया है। नगर पालिका परिषद बाराबंकी समेत जिले के 14 नगर निकाय क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की गणना के लिए कुल 250 शिक्षकों को नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है।

न्यायालय के आदेश पर की जा रही कार्रवाई

बीएसए नवीन पाठक द्वारा जारी आदेश के अनुसार, न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में शहरी और ग्रामीण इलाकों में आवारा कुत्तों की संख्या का आकलन किया जाएगा। इसका उद्देश्य समयबद्ध रूप से कुत्तों की नसबंदी, टीकाकरण और उनके लिए शेल्टर की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

गूगल शीट के जरिए जुटाई जा रही जानकारी

बीएसए ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार शहरी क्षेत्रों के विद्यालयों से आवारा कुत्तों की संख्या से संबंधित जानकारी गूगल शीट के माध्यम से एकत्र की जा रही है। सभी विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि तय समय-सीमा के भीतर नोडल शिक्षक का विवरण अपलोड कर आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। इस पूरे मामले की शासन स्तर पर 31 दिसंबर को समीक्षा की जाएगी।

कुत्ते के काटने पर नोडल शिक्षक कराएंगे इलाज

बीएसए नवीन पाठक ने बताया कि नगर क्षेत्र के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, अशासकीय सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के एक-एक शिक्षक को नोडल बनाया गया है। नामित शिक्षकों का नाम और मोबाइल नंबर विद्यालय के गेट पर चस्पा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्कूल परिसर में किसी बच्चे या अन्य व्यक्ति को आवारा कुत्ते के काटने की स्थिति में नोडल शिक्षक पीड़ित को तुरंत अस्पताल ले जाकर इंजेक्शन और इलाज की व्यवस्था कराएंगे।

14 नगर निकायों में होगी गणना

आवारा कुत्तों की गणना नगर पालिका परिषद बाराबंकी के साथ 13 नगर पंचायतों—बंकी, सतरिख, जैदपुर, रामसनेहीघाट, फतेहपुर, बेलहरा, देवा, रामनगर, हैदरगढ़, सुबेहा, सिद्धौर, टिकैतनगर और दरियाबाद—में की जाएगी। प्रत्येक नगर निकाय के निजी और सरकारी विद्यालयों से एक-एक शिक्षक को इस कार्य में लगाया गया है, जिससे कुल 250 नोडल शिक्षक गणना का कार्य करेंगे।


इसे भी पढ़ें : देवरिया में अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 135 लीटर देशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply