द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली। भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच बहुप्रतीक्षित ट्रेड डील को लेकर मंगलवार को बड़ा ऐलान हो सकता है। यह समझौता ऐसे समय में सामने आ रहा है, जब अमेरिका द्वारा भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने से भारत-अमेरिका व्यापार प्रभावित हुआ है। ईयू न केवल भारत बल्कि अमेरिका का भी सबसे बड़ा ट्रेडिंग पार्टनर है, ऐसे में भारत-ईयू डील को रणनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल जनवरी से अक्तूबर के बीच अमेरिका और ईयू के बीच द्विपक्षीय व्यापार 883.3 अरब डॉलर तक पहुंच गया। वहीं, भारत और ईयू के बीच 2024-25 में कुल द्विपक्षीय व्यापार 136 अरब डॉलर रहा। इसकी तुलना में भारत और अमेरिका के बीच जनवरी से अक्तूबर के दौरान व्यापार 126.4 अरब डॉलर का रहा। विशेषज्ञों का मानना है कि ईयू के साथ व्यापार समझौता भारत के निर्यातकों को अमेरिकी टैरिफ के असर से राहत दिला सकता है।
अमेरिका के शीर्ष ट्रेडिंग पार्टनर
यूएस सेंसस ब्यूरो के आंकड़ों के मुताबिक, ईयू के बाद अमेरिका का दूसरा सबसे बड़ा ट्रेडिंग पार्टनर मेक्सिको है। जनवरी-अक्तूबर के दौरान अमेरिका और मेक्सिको के बीच 731.2 अरब डॉलर का व्यापार हुआ। तीसरे नंबर पर कनाडा रहा, जहां दोनों देशों के बीच इस अवधि में 606.7 अरब डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार दर्ज किया गया। ये दोनों ही देश अमेरिका के पड़ोसी हैं। इस सूची में चीन चौथे स्थान पर है। पिछले साल के पहले दस महीनों में अमेरिका और चीन के बीच 357.2 अरब डॉलर का व्यापार हुआ। इसके बाद ताइवान (201.1 अरब डॉलर) और जापान (190.7 अरब डॉलर) का स्थान आता है।
टॉप-10 में कौन-कौन
अमेरिका के प्रमुख ट्रेडिंग पार्टनर्स की सूची में वियतनाम सातवें स्थान पर है, जिसके साथ 170.5 अरब डॉलर का व्यापार हुआ। इसके बाद दक्षिण कोरिया (162.1 अरब डॉलर) और स्विट्जरलैंड (154.3 अरब डॉलर) का नंबर आता है। दसवें स्थान पर ब्रिटेन है, जहां जनवरी-अक्तूबर के दौरान अमेरिका और ब्रिटेन के बीच 133.5 अरब डॉलर का व्यापार हुआ। भारत इस सूची में 11वें स्थान पर है, जबकि अन्य देशों के साथ अमेरिका का कुल व्यापार 977.2 अरब डॉलर रहा। ऐसे में भारत-ईयू ट्रेड डील को वैश्विक व्यापार संतुलन में भारत की स्थिति मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस की भव्य परेड, कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने ली सलामी
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































