Big action in Bareilly uproar : बरेली में बवाल कराने के आरोपी मौलाना तौकीर रजा खान फिलहाल जेल में हैं, लेकिन उनके करीबी और आईएमसी (इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल) के पूर्व प्रवक्ता डॉ. नफीस पर भी प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। सोमवार को नगर निगम ने नावल्टी चौराहे पर स्थित उनकी मार्केट को सील कर दिया।
डॉ. नफीस पर आरोप है कि उन्होंने बवाल से पहले पुलिस को खुलेआम धमकी दी थी। उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह किला इंस्पेक्टर को “हाथ काटने और वर्दी उतारने” की धमकी देते नजर आ रहे थे। इसी विवाद के बाद जिला और पुलिस प्रशासन ने उनकी संपत्तियों पर कार्रवाई तेज कर दी।
48 दुकानें और आईएमसी दफ्तर सील
नावल्टी चौराहे पर पहलवान साहब की मजार के पास स्थित नफीस की मार्केट लंबे समय से विवादों में रही है। यह मार्केट नाले पर बनी होने के कारण पहले से ही अदालत में विचाराधीन है। मार्केट में 48 दुकानें और आईएमसी का दफ्तर है, जिसे प्रशासन ने सील कर दिया है। आईएमसी का कार्यालय दूसरे फ्लोर पर स्थित था।
वक्फ संपत्ति विवाद में भी नाम
डॉ. नफीस पर वक्फ संपत्ति से जुड़े गंभीर आरोप भी लग चुके हैं। उन पर खुद को वक्फ संपत्ति का मुतवल्ली बताकर किराया वसूलने और दुकानों की खरीद-फरोख्त करने का आरोप है। नौमहला मस्जिद के पास वक्फ बोर्ड की संपत्ति पर बनाई गई दुकानों की बिक्री का मामला भी चर्चा में रहा था, हालांकि बाद में इसे दबा दिया गया।
भड़काऊ बयान ने बढ़ाई मुश्किलें
डॉ. नफीस का पुलिसकर्मी को धमकाने वाला वीडियो सामने आने के बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। वीडियो में वह कहते हैं, “मैंने किला इंस्पेक्टर से साफ कह दिया कि बैनर पर हाथ लगाया तो हाथ काट लूंगा, वर्दी नहीं बचेगी।” इसी बयानबाजी के आधार पर किला थाने में उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। प्रशासनिक कार्रवाई से साफ है कि अब मौलाना तौकीर रजा के करीबी भी जांच के घेरे में हैं और उनके खिलाफ एक-एक कर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































