द देवरिया न्यूज़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को आसियान शिखर सम्मेलन में वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लिया। यह बैठक मलयेशिया में आयोजित हुई, जिसमें पीएम मोदी ने आसियान देशों के साथ भारत के मजबूत रिश्तों और साझा लक्ष्यों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी आसियान देशों की सदी है और भारत इन देशों के साथ मिलकर वैश्विक शांति, स्थिरता और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
“आसियान साझा मूल्यों की डोर से बंधा परिवार”
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा —
“आसियान के देश साझा मूल्यों और पारस्परिक सहयोग की डोर से बंधे हैं। समावेशीपन और स्थिरता इस वर्ष के आसियान शिखर सम्मेलन के प्रमुख विषय हैं, जो हमारे सामूहिक प्रयासों को दर्शाते हैं। चाहे वह डिजिटल समावेशन हो, खाद्य सुरक्षा या लचीली आपूर्ति श्रृंखलाएं — हम सभी इन चुनौतियों से मिलकर निपटने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
मलयेशियाई प्रधानमंत्री को दी बधाई
पीएम मोदी ने मलयेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को बधाई देते हुए कहा,
“मैं आपके आमंत्रण से आसियान परिवार का हिस्सा बनकर बहुत खुश हूं। मैं इस सफल सम्मेलन के आयोजन के लिए आपको हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।”
उन्होंने फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस का भी आभार जताया, जिन्होंने आसियान देशों के साथ भारत के समन्वय को मजबूत किया।
थाईलैंड की राजमाता के निधन पर शोक
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन के दौरान थाईलैंड की राजमाता के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा —
“मैं सभी भारतवासियों की ओर से थाईलैंड के राजपरिवार और वहां की जनता के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं।”
“आसियान भारत की एक्ट ईस्ट नीति का मुख्य स्तंभ”
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और आसियान मिलकर विश्व की लगभग एक-चौथाई जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा,
“हम न केवल भूगोल साझा करते हैं बल्कि गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंधों से भी जुड़े हैं। आसियान, भारत की एक्ट ईस्ट नीति का मुख्य स्तंभ है और हिंद-प्रशांत क्षेत्र पर आसियान के दृष्टिकोण का भारत हमेशा समर्थन करता रहा है।”
वैश्विक स्थिरता में भारत-आसियान की भूमिका
पीएम मोदी ने कहा कि भारत-आसियान व्यापक रणनीतिक साझेदारी आज के दौर में और अधिक मजबूत हुई है।
“अनिश्चितता के इस दौर में हमारी साझेदारी वैश्विक स्थिरता, विकास और शांति की आधारशिला बन रही है।”
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में सभी सदस्य देशों से साझा प्रगति, क्षेत्रीय सहयोग और टिकाऊ विकास के लिए मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इसे भी पढ़ें : देवरिया: छठ महापर्व की तैयारियों का कमिश्नर और डीआईजी ने लिया जायजा, सुरक्षा व स्वच्छता को लेकर दिए सख्त निर्देश
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































