द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली: दिल्ली के रामलीला मैदान में एसआईआर और कथित ‘वोट चोरी’ के विरोध में कांग्रेस ने विशाल रैली का आयोजन किया। रैली को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने संबोधित करते हुए आरएसएस और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है और उनके सवालों का कोई जवाब नहीं दिया जा रहा।
राहुल गांधी ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के हालिया बयान का हवाला देते हुए कहा कि गांधीजी सत्य को सबसे ऊपर मानते थे और यही भारत व सभी धर्मों की मूल भावना है, लेकिन मोहन भागवत का बयान शक्ति को सत्य से ऊपर रखता है। उन्होंने कहा कि यही आरएसएस की विचारधारा है, जबकि कांग्रेस सत्य के साथ खड़ी है। राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस सत्य के रास्ते पर चलकर नरेंद्र मोदी, अमित शाह और आरएसएस की सरकार को सत्ता से बाहर करेगी।
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता के बल पर चुनाव प्रभावित करती है और वोट चोरी करती है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्त भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और प्रधानमंत्री मोदी ने ऐसा कानून बनाया है, जिससे चुनाव आयुक्तों पर कार्रवाई नहीं हो सकती। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर इस कानून को बदलेगी और सच्चाई की लड़ाई लड़ेगी।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का आत्मविश्वास डगमगा गया है, क्योंकि उनकी कथित वोट चोरी सामने आ गई है। राहुल गांधी ने इसे संविधान पर सबसे बड़ा हमला बताते हुए कहा कि अगर वोट चोरी न होती तो जनता उन्हें कुछ ही मिनटों में सत्ता से बाहर कर देती।
प्रियंका गांधी वाड्रा का हमला
रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि संसद में गंभीर मुद्दों पर बहस से सरकार बचती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगारी, महंगाई और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर चर्चा करने की भाजपा में हिम्मत नहीं है। प्रियंका गांधी ने भाजपा को निष्पक्ष चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा कि यदि बैलेट पेपर से चुनाव हों, तो भाजपा खुद जानती है कि वह नहीं जीत पाएगी।
खरगे बोले— कांग्रेस की विचारधारा ही देश को बचा सकती है
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राहुल गांधी देश और जनता के लिए जो लड़ाई लड़ रहे हैं, उसे मजबूत करना हर कांग्रेस कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाना जरूरी है, क्योंकि यही विचारधारा देश को बचा सकती है।
रामलीला मैदान में हुई इस रैली में कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर केंद्र सरकार, भाजपा और चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाए और आने वाले समय में आंदोलन तेज करने के संकेत दिए।
इसे भी पढ़ें : पैक्स सिलिका’ पहल से बाहर रहने पर कांग्रेस का हमला, मोदी सरकार पर साधा निशाना
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































