द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : लंदन में विजय माल्या के 70वें जन्मदिन की पार्टी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करना भगोड़े ललित मोदी को भारी पड़ गया। वीडियो में भारत सरकार का मजाक उड़ाने के आरोपों के बाद जब विदेश मंत्रालय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी, तो ललित मोदी के तेवर बदलते नजर आए। अब उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर माफी मांग ली है।
दरअसल, ललित मोदी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह विजय माल्या को जन्मदिन की बधाई देते नजर आ रहे थे। वीडियो में ललित मोदी यह कहते सुनाई देते हैं, “हम भारत के दो भगोड़े हैं, सबसे बड़े भगोड़े।” इस पर विजय माल्या भी हंसते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के साथ ललित मोदी ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कैप्शन लिखा था, “चलिए भारत में इंटरनेट पर फिर से धमाल मचाते हैं।” यह पार्टी लंदन में ललित मोदी के घर पर आयोजित की गई थी।
वीडियो सामने आने के बाद देश में राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में बवाल मच गया। इस पर विदेश मंत्रालय ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी। इसके बाद ललित मोदी ने पोस्ट हटाते हुए सफाई दी और माफी मांग ली।
ललित मोदी ने X पर लिखा, “अगर मेरी किसी बात से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, खासकर भारतीय सरकार की, जिनका मैं बहुत सम्मान करता हूं, तो मैं माफी मांगता हूं। मेरे बयान को गलत समझा गया और मेरा ऐसा कोई इरादा नहीं था।”
विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया
इस वीडियो को लेकर पूछे गए सवाल पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा था कि सरकार भारत में वांछित लोगों को वापस लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “हम उन सभी भगोड़ों को भारत वापस लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, जो यहां कानून से भागे हुए हैं। इस मुद्दे पर हम कई देशों की सरकारों के संपर्क में हैं।”
जायसवाल ने आगे कहा कि इन मामलों में कई स्तरों पर कानूनी जटिलताएं होती हैं, लेकिन इसके बावजूद भारत सरकार का प्रयास जारी है कि ऐसे लोगों को देश लाया जाए, ताकि वे भारतीय अदालतों में कानून का सामना कर सकें।
इसे भी पढ़ें : माघ मेला 2026 का लोगो: संगम, ज्योतिष और सनातन परंपरा की दिव्य ऊर्जा का प्रतीक
➤ You May Also Like








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































