मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बॉन्डी बीच पर यहूदी त्योहार हनुक्का के अवसर पर सैकड़ों लोग एकत्र हुए थे। इसी दौरान अचानक गोलियों की आवाज गूंजने लगी, जिससे बीच पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही पलों में पूरा इलाका चीख-पुकार और भगदड़ में तब्दील हो गया।
एक हमलावर गिरफ्तार, दूसरे की पहचान
ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने बताया कि घटना के बाद एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की पहचान सिडनी के दक्षिण-पश्चिमी इलाके बोनिरिग निवासी नवीद अकरम के रूप में हुई है। पुलिस शूटर के घर पर छापेमारी कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
वीडियो में दिखी दहशत
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में बॉन्डी बीच पर लोग जान बचाकर भागते नजर आ रहे हैं। वीडियो में गोलियों की आवाज और पुलिस सायरन साफ सुने जा सकते हैं। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने इन वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है। गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, उसके पत्रकारों ने ऐसे वीडियो देखे हैं, जिनमें काले कपड़े पहने दो लोग बीच के पास एक पुल के नजदीक गोलीबारी करते दिखाई दे रहे हैं।
इलाके में हाई अलर्ट
न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि बॉन्डी बीच और आसपास के इलाकों में पुलिस अभियान जारी है। लोगों से अपील की गई है कि वे घटनास्थल से दूर रहें और पुलिस द्वारा बनाई गई घेराबंदी का उल्लंघन न करें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि डोवर हाइट्स इलाके में किसी अन्य घटना की कोई सूचना नहीं है।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अफवाहें न फैलाने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। मामले से जुड़ी आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी।