द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली: साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मिली हार के बाद उठे विवादों और आलोचनाओं पर भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने कड़ा रुख अपनाया है। एक आईपीएल टीम मालिक द्वारा दिए गए स्प्लिट कोचिंग (अलग-अलग फॉर्मेट के लिए अलग कोच) के सुझाव पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए साफ शब्दों में कहा कि बाहरी लोगों को टीम मैनेजमेंट के मामलों में दखल देने का अधिकार नहीं है।
वनडे सीरीज में भारत की जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए गंभीर ने कहा, “अगर हम किसी के डोमेन में नहीं जाते हैं, तो उन्हें भी हमारे डोमेन में आने का कोई अधिकार नहीं है।” उन्होंने यह भी कहा कि यह देखकर हैरानी होती है कि ऐसे लोग भी राय दे रहे हैं, जिनका क्रिकेट से सीधे तौर पर कोई लेना-देना नहीं है।
टेस्ट सीरीज में हार के बाद उठे सवालों पर पलटवार करते हुए गंभीर ने कहा कि मीडिया और आलोचकों ने एक अहम तथ्य को नजरअंदाज कर दिया। उन्होंने बताया कि टीम को पहला टेस्ट मैच कप्तान शुभमन गिल के बिना खेलना पड़ा था, जो चोट के कारण दोनों पारियों में बल्लेबाजी नहीं कर सके। गंभीर के अनुसार, जब टीम बदलाव के दौर से गुजर रही हो और ऐसा कप्तान, जिसने पिछले सात टेस्ट मैचों में लगभग 1000 रन बनाए हों, टीम से बाहर हो जाए, तो परिणाम प्रभावित होना स्वाभाविक है।
गंभीर ने कहा कि इस दौरान टीम में अनुभव की कमी साफ दिखाई दी, लेकिन इस अहम पहलू पर चर्चा करने के बजाय आलोचकों ने सिर्फ विकेटों और सतही बातों पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे प्रेस कॉन्फ्रेंस में बहाने नहीं बनाते, लेकिन सच्चाई को छुपाना भी उन्हें स्वीकार नहीं है।
गंभीर का यह बयान क्रिकेट जगत में कोचों और फ्रेंचाइजी मालिकों के बीच चल रही बहस को और तेज कर सकता है।
इसे भी पढ़ें : कोहली-रोहित के भविष्य पर टिम साउदी बोले—‘टीम उन्हें वर्ल्ड कप में देखना चाहेगी
➤ You May Also Like

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































