द देवरिया न्यूज़,महोबा : उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में चल रहे मतदाता सूचियों के प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्य में लापरवाही पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। ग्राम पंचायत स्तर पर हो रहे कार्य में रुचि न लेने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई करते हुए जनपद के चारों ब्लॉकों में 27 पंचायत सहायकों की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश डीपीआरओ ने दिए हैं। एडीओ पंचायत द्वारा तीन दिनों के भीतर सेवा समाप्ति के प्रस्ताव ग्राम पंचायतों को भेज दिए जाएंगे। प्रशासन की इस कार्रवाई से SIR में लगे अन्य कर्मियों में हड़कंप मच गया है।
SIR कार्य में सुस्ती, सिर्फ 50% डेटा ऑनलाइन
प्रदेशभर में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के लिए बीएलओ के साथ सहायक बीएलओ नियुक्त किए गए हैं। उनके सहयोग के लिए ग्राम प्रधान, कोटेदार, पंचायत सहायक, ग्राम सचिव और सफाई कर्मचारी तैनात हैं। पर्यवेक्षण का भार एसडीएम और तहसीलदारों पर है। इसके बावजूद जिले में अब तक केवल 50% डेटा ही ऑनलाइन किया जा सका है, जिससे लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई तेज हो गई है।
कार्यस्थल पर अनुपस्थित पाए गए पंचायत सहायक
जिला पंचायती राज अधिकारी चंद्रकिशोर वर्मा ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग की ऑनलाइन मीटिंग में सीडीओ बलराम कुमार ने सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों और पंचायत सचिवों को SIR से संबंधित जिम्मेदारियां दी थीं। निर्देशों के बाद पंचायत सचिवों से पंचायत सहायकों की उपस्थिति की जांच की गई। इस दौरान जिले के 27 पंचायत सहायक कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए।
चरखारी ब्लॉक की 4, कबरई और जैतपुर ब्लॉक की 6-6 तथा पनवाड़ी ब्लॉक की 11 ग्राम पंचायतों के सहायकों के खिलाफ कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजने के आदेश दिए गए हैं।
इन पंचायत सहायकों पर हुई कार्रवाई
कबरई ब्लॉक: डिगरिया, श्रीनगर, सिचौरा, सिजहरी, ढिकवाहा, कबरई देहात
पनवाड़ी ब्लॉक: अमानपुरा, विजयपुर, पनवाड़ी, नकरा, कोहनिया, किल्हौआ, काशीपुरा, तेईया, चौका, सौरा, बम्हौरीकुर्मिन
चरखारी ब्लॉक: अक्ठौंहा, कुड़ार, बमरारा, गौरहारी
जैतपुर ब्लॉक: गुढ़ा, जैलवारा, कमालपुरा, बिहार, थुरट, सलैयामाफ
गणना प्रपत्र 1 दिसंबर तक जमा करें
जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने कहा कि 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक भरे हुए गणना प्रपत्रों को जमा करना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य राष्ट्रीय दायित्व है, और किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने नागरिकों से अपील की कि वे 1 दिसंबर तक अपने भरे हुए प्रपत्र संबंधित बीएलओ को सौंप दें, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे। उन्होंने बीएलओ, पर्यवेक्षकों और जनप्रतिनिधियों से भी इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग करने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें : अखिलेश यादव पहुंचे फतेहपुर, आत्महत्या किए लेखपाल के परिवार को दी 2 लाख सहायता, आरोपी पर कार्रवाई की मांग तेज
➤ You May Also Like

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































