द देवरिया न्यूज़,लखनऊ: अयोध्या (फैजाबाद) में बाबरी मस्जिद विध्वंस की घटना को भले ही वर्षों बीत चुके हों, लेकिन 6 दिसंबर की तारीख आते ही देशभर में सियासी और सामाजिक चर्चाएं तेज हो जाती हैं। इस दिन को लेकर अलग-अलग राजनीतिक धाराओं की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जहां इस दिन को “विवादित ढांचे के हटने” का दिन बताते हुए इसे “कलंक मिटने” से जोड़ा, वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फतेहपुर सीकरी स्थित शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पहुंचकर चादर चढ़ाई और दुआ मांगी।
अखिलेश यादव अपनी पत्नी और सांसद डिंपल यादव तथा राज्यसभा सांसद जया बच्चन के साथ दरगाह पर पहुंचे। उन्होंने देश की तरक्की, अमन-चैन और भाईचारे के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने बुलंद दरवाजा समेत ऐतिहासिक इमारतों का भी अवलोकन किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि फतेहपुर सीकरी भारत की गंगा-जमुनी तहजीब की प्रतीक है, जहां अलग-अलग धर्मों और जातियों के लोग मिल-जुलकर रहते आए हैं। उन्होंने कहा कि शेख सलीम चिश्ती की दरगाह दुनिया भर में श्रद्धा का केंद्र रही है और यहां उन्होंने देश में भाईचारा और सौहार्द बढ़ने की कामना की है।
इस दौरे की तस्वीरें अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा कीं, जिस पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ लोगों ने उनके इस कदम का समर्थन किया तो कुछ ने आलोचना भी की। एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें इस दिन राम मंदिर जाना चाहिए था, जबकि कुछ ने इसे चुनावी राजनीति से जोड़कर देखा।
इस मुद्दे के साथ समाजवादी पार्टी के संस्थापक और अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव का भी जिक्र होने लगा है। बाबरी विध्वंस के दौर में कारसेवकों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर उन पर पहले भी राजनीतिक हमले होते रहे हैं।
6 दिसंबर के मौके पर मुख्यमंत्री योगी के बयान और अखिलेश यादव की दरगाह यात्रा के चलते राज्य की सियासत एक बार फिर गरमा गई है और इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
इसे भी पढ़ें : हम किसी के डोमेन में नहीं जाते, तो हमारे डोमेन में भी कोई न आए” – आलोचनाओं पर भड़के गौतम गंभीर
➤ You May Also Like

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































