द देवरिया न्यूज़,दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ कांग्रेस की ओर से आयोजित विशाल रैली को लेकर सियासी प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। इस रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि असली मुद्दा निष्पक्ष चुनाव का है, लेकिन उससे ध्यान भटकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की इसमें सक्रिय भूमिका होनी चाहिए। झा ने बिहार चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि उस दौरान हुए वित्तीय लेन-देन यह संकेत देते हैं कि किसी न किसी तरीके से वोटों में गड़बड़ी की कोशिश की गई थी।
वहीं, कांग्रेस की रैली पर भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह रैली पूरी तरह से विफल साबित होगी। हुसैन के मुताबिक, कांग्रेस अपने ही कर्मों का फल भुगत रही है और यह बात पार्टी अच्छी तरह जानती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ईवीएम, एसआईआर और चुनाव आयोग पर दोष मढ़कर अपनी नाकामी छिपाना चाहती है। हुसैन ने कहा कि कांग्रेस नेता खुद अपनी पार्टी के नेतृत्व पर सवाल उठा रहे हैं और इन्हीं सवालों से ध्यान हटाने के लिए यह रैली की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि रैली में भीड़ जुटाने से कुछ हासिल नहीं होगा। भाजपा नेता ने याद दिलाया कि दिल्ली की जनता ने कांग्रेस को शून्य पर पहुंचा दिया था और बिहार में भी पार्टी को महज छह सीटों पर संतोष करना पड़ा था।
भाजपा सरकार को बताया ‘वोट चोरी की सरकार’
दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई रैली को लेकर ओडिशा कांग्रेस के प्रभारी अजय कुमार लल्लू ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र को बंधक बना लिया गया है और मौजूदा भाजपा सरकार ‘वोट चोरी की सरकार’ है। लल्लू ने कहा कि राहुल गांधी ने विभिन्न राज्यों में प्रेस वार्ता कर एक-एक वोटर और बूथ से जुड़ी जानकारी देश और मीडिया के सामने रखी है। उनके अनुसार, भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर तानाशाही की ओर बढ़ रही है।
आप ने कांग्रेस से उठाए सवाल
आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कांग्रेस की रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे किसी भी जन-जागरूकता अभियान के लिए शुभकामनाएं देते हैं, लेकिन कांग्रेस के रुख पर सवाल भी खड़े किए। उन्होंने कहा कि जिस दिल्ली में कांग्रेस आज वोट चोरी के मुद्दे पर बड़ी रैली कर रही है, उसी दिल्ली में एक साल पहले जब वोट चोरी के आरोप लगे थे और आम आदमी पार्टी के नेता सबूत सामने रख रहे थे, तब कांग्रेस पूरी तरह चुप थी। भारद्वाज ने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी दिल्ली में वोट चोरी के मुद्दे पर खुलकर बात करेंगे या उससे बचेंगे। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी इस मुद्दे से बचते हैं, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि कांग्रेस का पूरा नैरेटिव देश के लिए नहीं, बल्कि अपनी पार्टी के लिए है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया जेल में बंद पूर्व आईजी अमिताभ ठाकुर की तबीयत बिगड़ी, आंखों में सूजन और सिर दर्द की शिकायत
➤ You May Also Like

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































