द देवरिया न्यूज़,लखनऊ। कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सक्रिय लगभग हर माफिया के तार समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे हैं और प्रारंभिक जांच में भी ऐसे तथ्य सामने आए हैं।
सीएम योगी ने कहा कि एसटीएफ और यूपी पुलिस की कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों के संबंध समाजवादी पार्टी से रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा की कार्यप्रणाली पहले से ही बदनाम रही है और इस मामले में भी उसकी संलिप्तता उजागर होती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा, “जिन माफियाओं के साथ तस्वीरें सामने आ रही हैं, यह स्वाभाविक है कि अवैध लेन-देन में उनकी भूमिका भी जांच के दायरे में आएगी। जांच को आगे बढ़ने दीजिए, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।”
इस बीच भाजपा के विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक तस्वीर साझा की है, जिसमें अखिलेश यादव के साथ कोडीन कफ सिरप मामले का आरोपी आलोक सिंह नजर आ रहा है। आलोक सिंह को हाल ही में एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है।
तस्वीर साझा करते हुए धर्मेंद्र भारद्वाज ने लिखा, “हाथी के दांत खाने के कुछ और दिखाने के कुछ।” उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की माफिया और अपराधियों से नजदीकियां कोई नई बात नहीं हैं। भाजपा एमएलसी ने सवाल उठाया कि कोडीन सिरप माफिया अखिलेश यादव के बगल में क्या कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 25 करोड़ लोग जानना चाहते हैं कि यह संबंध केवल तस्वीरों तक सीमित है या इसके पीछे कोई गहरा कनेक्शन है।
इस मामले में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी सपा मुखिया पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के दाएं-बाएं खड़े कफ सिरप मामले में वांछित लोग आखिर कौन हैं और उनसे उनके क्या रिश्ते हैं, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए। उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी वांछित अपराधियों को सम्मान देने का काम कर रही है।
ब्रजेश पाठक ने कहा, “सपा इन वांछितों का संरक्षण क्यों कर रही है? ये वही लोग हैं जो प्रदेश सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। इनका पालन-पोषण समाजवादी पार्टी ने किया है।” उन्होंने यह भी कहा कि सपा अपने पापों का ठीकरा सरकार पर फोड़ रही है, जबकि सरकार इस पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि कोडीन कफ सिरप मामले की निगरानी राज्य-स्तरीय विशेष जांच टीम (SIT) कर रही है, जिसमें यूपी पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FSDA) के अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अवैध तस्करी से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है, जिसमें यह भी शामिल है कि अवैध धन कहां-कहां गया।
सीएम योगी ने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : देवरिया: प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान दुकानदार ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस की तत्परता से टली बड़ी घटना
➤ You May Also Like


















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































