द देवरिया न्यूज़,लखनऊ: भोजपुरी लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर और बढ़ती कानूनी कार्रवाई पर एक बार फिर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। लखनऊ पुलिस द्वारा दबिश और तलाश की खबरों के बीच उन्होंने साफ कहा कि वह न तो भागेंगी और न ही अपने बयानों से पीछे हटेंगी। उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकार उन्हें गिरफ्तार करना चाहती है, तो इसके लिए वह पूरी तरह तैयार हैं।
नेहा ने कहा कि अगर उन्हें गिरफ्तार किया जाता है तो वह किसी तरह का विरोध नहीं करेंगी। उन्होंने कहा, “अगर मुझे गिरफ्तार किया गया तो मैं कोई प्रतिरोध नहीं करूंगी। मैं भागने वाली नहीं हूं। अगर वे मुझे गिरफ्तार करने आएंगे तो मैं गिरफ्तार हो जाऊंगी। अगर वे मुझे गोली मारने आएंगे तो मैं गोली खा लूंगी। पहले भी कहा था कि अगर सूली पर चढ़ाएंगे तो सूली पर चढ़ जाऊंगी।”
उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मीडिया में यह कहा जा रहा है कि उनकी तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं और दबिश दी जा रही है, लेकिन न तो उनके घर कोई पहुंचा और न ही उन्हें कोई नोटिस मिला। नेहा ने कहा कि पुलिस झूठे बयान दे रही है। उनका कहना था कि आज तक उनसे कोई आधिकारिक पूछताछ नहीं हुई है और न ही कोई कानूनी नोटिस मिला है।
नेहा ने कहा कि वह जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेंगी और आगे के सभी कदम अपने वकील की सलाह से ही उठाएंगी। उन्होंने बताया कि वह लगातार अपने वकील से बातचीत कर रही हैं और कानूनी रणनीति तैयार की जा रही है।
गौरतलब है कि 27 अप्रैल को लखनऊ के हजरतगंज थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। यह मामला 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद उनके सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार पर जाति और धर्म की राजनीति करने और सुरक्षा एजेंसियों की विफलता का आरोप लगाया था।
इसे भी पढ़ें : शशि थरूर ने पुतिन के सम्मान में हुए राजकीय भोज को बताया “गर्मजोशी भरा”, कांग्रेस में बयान को लेकर सियासी हलचल
➤ You May Also Like

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































