द देवरिया न्यूज़ /देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। मोबाइल मरम्मत के पैसे मांगने पर एक दुकानदार को गोली मार दी गई। यह घटना सीसी रोड स्थित चटनी गढ़ही के पास हुई। घायल दुकानदार को गंभीर हालत में देवरिया मेडिकल कॉलेज से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। घायल की पहचान राहुल चौरसिया (29 वर्ष) पुत्र विजय चौरसिया निवासी देवरिया खास टोला के रूप में हुई है। राहुल की मोबाइल मरम्मत की दुकान सीसी रोड पर चटनी गढ़ही के पास स्थित है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार शाम दो युवक राहुल की दुकान पर मोबाइल बनवाने आए थे। मरम्मत के बाद जब वे बिना पैसे दिए जाने लगे तो राहुल ने उनसे भुगतान की मांग की। इसी बात पर बहस और गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी।
गोली राहुल की कमर से होते हुए हाथ में जा लगी। अचानक हुई इस घटना से दुकान और आसपास अफरा-तफरी मच गई। गोली की आवाज सुनकर आस-पास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों युवक भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने घायल राहुल को तुरंत देवरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, राहुल को कमर और हाथ में गोली लगी है। उसकी हालत नाजुक थी लेकिन फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। सदर कोतवाली पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय व्यापारियों ने इस वारदात की निंदा करते हुए शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई है और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : धीरेंद्र शास्त्री की पद यात्रा ड्यूटी के दौरान दरोगा की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में मौत — पुलिस महकमे में शोक
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































