द देवरिया न्यूज़ ,तरकुलवा। देवरिया के महुआपाटन गांव में सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। यह कार्रवाई उच्च न्यायालय में दाखिल जनहित याचिका पर दिए गए आदेश के अनुपालन में की गई है।
अब तक प्रशासन ने 28 लोगों के गैर-आवासीय व अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया है। इसके अलावा लगभग 146 लोगों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस भी जारी किया गया है। इस कार्रवाई से प्रभावित परिवारों में जहां आक्रोश और बेबसी है, वहीं सियासत भी तेजी से रंग पकड़ रही है।
मामले ने और तूल तब पकड़ा जब प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री और सपा के वरिष्ठ नेता ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी 20 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल के साथ महुआपाटन पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर प्रशासन की कार्रवाई को अमानवीय बताया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “गरीबों को बिना पुनर्वास के उजाड़ना अन्याय है।” उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि लोगों के घरों पर बुलडोजर चला तो एक अक्टूबर के बाद जिला मुख्यालय पर “डेरा डालो-घेरा डालो” आंदोलन किया जाएगा।
पूर्व मंत्री की इस सक्रियता के बाद इलाके का सियासी पारा और चढ़ गया। अगले ही दिन भाजपा नेता डॉ. जितेंद्र प्रताप राव और सपा नेता परवेज आलम भी गांव पहुंचे। दोनों नेताओं ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और मदद का भरोसा दिलाया।
गांव में लगातार नेताओं के आने से पीड़ित परिवारों को सहारा जरूर मिल रहा है, लेकिन इससे सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुरूप की जा रही है और नियमों का पालन किया जाएगा।
महुआपाटन की इस कार्रवाई ने न केवल प्रभावित परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित किया है, बल्कि जिले की राजनीति को भी गर्मा दिया है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा प्रशासन और नेताओं के बीच बड़ा टकराव खड़ा कर सकता है।
इसे भी पढ़े : प्रधानाचार्य पर लगे आरोप की सह जिला विद्यालय निरीक्षक ने की जांच
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































