द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली। लखनऊ में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच प्रस्तावित चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला घने कोहरे और खराब एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के चलते रद्द कर दिया गया। बुधवार रात इकाना स्टेडियम में हालात इतने खराब थे कि मैदान खेल के लायक नहीं रह गया। इस घटना के बाद बीसीसीआई की शेड्यूलिंग पर सवाल उठने लगे, जिस पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बोर्ड को घेरा।
थरूर के बयान के बाद कांग्रेस सांसद और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला बोर्ड के बचाव में सामने आए। उन्होंने कहा कि मैच का रद्द होना बेहद निराशाजनक है, लेकिन बीसीसीआई इस स्थिति को लेकर गंभीर है और आगे शेड्यूलिंग में बड़ा बदलाव किया जाएगा।
सर्दियों में उत्तर भारत से दूरी
राजीव शुक्ला ने स्पष्ट किया कि 15 दिसंबर से 15 जनवरी के बीच उत्तर भारत में प्रदूषण और कोहरे की समस्या गंभीर रहती है। ऐसे में इस अवधि के दौरान उत्तर भारत में अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन से बचा जाएगा। भविष्य में शेड्यूल बनाते समय कोहरे और मौसम को अहम फैक्टर माना जाएगा।
संसद परिसर में हुई चर्चा
गुरुवार को संसद परिसर में शशि थरूर अपने ट्वीट को लेकर मीडिया से बात कर रहे थे। उसी दौरान मौजूद राजीव शुक्ला से भी सवाल किए गए। थरूर ने एक बार फिर सवाल उठाया कि मैच केरल जैसे राज्यों में क्यों नहीं कराए जाते। जवाब में शुक्ला ने कहा कि बीसीसीआई की रोटेशन पॉलिसी के तहत केरल में भी नियमित रूप से मैच मिलते हैं। इस पर थरूर ने मुस्कुराते हुए कहा—“केरल तो आइए।”
फैंस पर पड़ेगा असर
बीसीसीआई के इस फैसले का मतलब यह है कि आने वाली सर्दियों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हिमाचल जैसे राज्यों के क्रिकेट प्रशंसकों को दिसंबर के मध्य से जनवरी के मध्य तक टीम इंडिया के मैच देखने के लिए देश के अन्य हिस्सों का रुख करना पड़ सकता है।
लखनऊ में रद्द हुए मैच के दौरान राजीव शुक्ला खुद भी स्टेडियम में अंपायरों के साथ हालात का जायजा लेते नजर आए थे। अंततः खराब दृश्यता और खिलाड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए मुकाबला रद्द करने का फैसला लिया गया।
इसे भी पढ़ें : टोयोटा की नवंबर में शानदार बिक्री: 19% की सालाना बढ़त, इनोवा फिर बनी ग्राहकों की पहली पसंद
➤ You May Also Like

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































