द देवरिया न्यूज़,लखनऊ : लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सहमति से साथ रह रहे एक इंजीनियर की प्रेमिका ने चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी महिला अपनी दो नाबालिग बेटियों के साथ कई घंटे तक शव के पास ही बैठी रही। बाद में उसने खुद पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन कर हत्या की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और महिला को गिरफ्तार कर लिया। इंजीनियर के परिजनों की शिकायत पर उसकी दोनों बेटियों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकीपुरम सेक्टर-एच निवासी नरेंद्र सिंह के इकलौते बेटे सूर्य प्रताप सिंह (32) एवरेडी कंपनी में एक्जीक्यूटिव इंजीनियर थे। वह पिछले चार साल से रत्ना (46) नाम की महिला के साथ सलारगंज शिवम ग्रीन सिटी स्थित अपने घर में रहते थे। रत्ना हरदोई की मूल निवासी है और उसकी 17 व 15 वर्ष की दो बेटियां हैं। रविवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार भोर करीब 5 बजे रत्ना ने घर में रखे चाकू से सूर्य प्रताप की गला रेतकर हत्या कर दी। उस समय रत्ना की दोनों बेटियां भी घर में मौजूद थीं।
हत्या के बाद खुद दी जानकारी
हत्या के बाद रत्ना और उसकी बेटियां लगभग साढ़े पाँच घंटे तक घर में ही रहीं। उन्होंने न भागने की कोशिश की और न ही किसी को जानकारी दी। सुबह 9:45 बजे रत्ना ने पुलिस को फोन कर कहा— “मैंने ही सूर्य का कत्ल किया है।”
बीबीडी थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और रत्ना को गिरफ्तार कर लिया। बेटियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
परिजनों ने लगाया साजिश का आरोप
मूल रूप से देवरिया के परसिया भीखम गांव के निवासी सूर्य प्रताप की हत्या की खबर गांव पहुंचते ही हड़कंप मच गया। पिता नरेंद्र ने आरोप लगाया है कि रत्ना और उसकी बेटियों ने मकान हड़पने की नीयत से हत्या की साजिश रची।
गांव में पसरा मातम
हत्या की सूचना मिलते ही देवरिया के गांव में सन्नाटा फैल गया। स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं। सूर्य प्रताप बीटेक कर एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर के तौर पर कार्यरत थे और पिछले कुछ वर्षों से परिवार से अलग रत्ना के साथ रह रहे थे। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें : गोरखपुर में चोरी का खुलासा: यू-ट्यूबर किशोर समेत तीन गिरफ्तार
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































