द देवरिया न्यूज़ : देवरिया जिले के सलेमपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और गैंगस्टर के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी राजेश यादव के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में सीएचसी सलेमपुर पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल गैंगस्टर का इलाज चल रहा है और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिसकर्मी उसकी निगरानी में तैनात किए गए हैं।
दरोगा की पिस्टल छीनकर पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, आंबेडकर नगर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के जहांगीरगंज गांव निवासी राजेश यादव के खिलाफ लार थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज है और वह काफी समय से फरार चल रहा था। रविवार की देर रात कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि चेरो रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया और थाने ले आई। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद राजेश यादव ने सोमवार सुबह पेट दर्द की शिकायत की। इस पर एसएसआई धर्मेंद्र मिश्र उसे इलाज के लिए सीएचसी सलेमपुर ले जा रहे थे। रास्ते में गैंगस्टर ने अचानक मौका पाकर एसएसआई की सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगा।
जवाबी कार्रवाई में लगी गोली, पुलिस ने किया काबू
पुलिस टीम ने तत्काल चकरवा–बहोरदास मार्ग पर उसका पीछा किया। आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग के दौरान एक गोली राजेश यादव के दाहिने पैर में लग गई। वह मौके पर ही असंतुलित होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया और तुरंत सीएचसी सलेमपुर पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके से सरकारी पिस्टल, खोखा और कारतूस बरामद किए हैं।
गैंगस्टर पर कई आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राजेश यादव पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लार थाने का गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित अभियुक्त है। लंबे समय से फरार चल रहे राजेश को पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए तलाश रही थी। मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर ही पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार किया था।
एएसपी ने दी जानकारी
एएसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने बताया—
“लार थाने में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज अभियुक्त राजेश यादव फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। इलाज के बहाने उसने एसएसआई की सरकारी पिस्टल छीनकर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है।”
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने अस्पताल परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। वहीं, अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर मुठभेड़ की पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया में सपा की पीडीए महापंचायत, सरदार पटेल की जयंती पर सरकार पर बरसे नेता
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































