द देवरिया न्यूज़ : देवरिया जिला जेल में शनिवार को रक्षाबंधन का पर्व भावनात्मक माहौल में मनाया गया। सुबह से ही देवरिया, कुशीनगर और आसपास के इलाकों से सैकड़ों बहनें अपने कैदी भाइयों से मिलने जेल पहुंचीं। त्योहार के इस अवसर पर जेल परिसर में भाई-बहन के रिश्ते की गूंज सुनाई दी और माहौल बेहद मार्मिक हो गया। सुरक्षा जांच की प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब बहनों को अपने भाइयों से मिलने का मौका मिला, तो कई की आंखें भर आईं। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सलामती की कामना की। बदले में भाइयों ने भी बहनों के माथे पर तिलक लगाकर प्रेम और आभार व्यक्त किया।
कुछ बहनें जैसे ही अपने भाइयों से मिलीं, भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं और फूट-फूटकर रो पड़ीं। इस पर कैदियों ने उन्हें ढांढस बंधाया और जल्द रिहाई का भरोसा दिलाया। कई बहनों ने राखी से एक दिन पहले ही जेल में मिठाई और राखी भिजवा दी थी। शनिवार सुबह से ही जेल के बाहर लंबी कतारें लग गईं। बहनों को क्रमवार मुलाकात के लिए नंबर दिए गए। घंटों इंतजार के बाद जब बहनों का नंबर आया, तो वे राखी और मिठाई लेकर जेल परिसर के भीतर गईं। हालांकि जेल के बंद माहौल में भाई अपनी बहनों को कोई खास उपहार नहीं दे सके, लेकिन स्नेह, आशीर्वाद और वादों ने इस रिश्ते को और भी मजबूत कर दिया।
इस अवसर पर कुल 422 बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। कुछ ऐसे भी कैदी थे जिनकी बहनें भी जेल में बंद थीं — इन विशेष परिस्थितियों में भाइयों ने अपनी बहनों से राखी बंधवाई। जेल प्रशासन के अनुसार, शनिवार को कुल 688 मुलाकातें दर्ज की गईं, जिनमें बहन-भाई के अलावा अन्य रिश्तेदार भी शामिल थे। इस दौरान जेल अधीक्षक परमेश्वर शुक्ला, जेलर राजकुमार वर्मा और अन्य अधिकारीगण भी मौजूद रहे और व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित किया।
इसे भी पढ़े : रक्षा बंधन पर बहनों को मिला यात्रा का तोहफा, फ्री सेवा से खिले चेहरे
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































