द देवरिया न्यूज़/देवरिया जिले की बनकटा थाना पुलिस ने गौ-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को एक पिकअप वाहन से आठ गोवंशीय पशु बरामद किए। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। बरामद वाहन और पशुओं को कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सूचना पर चली पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर के जरिए जानकारी मिली थी कि पिकअप (नंबर UP52AT6035) में अवैध रूप से गोवंशीय पशुओं की ढुलाई की जा रही है। सूचना मिलते ही बनकटा थाना पुलिस ने पंचरुखिया प्राथमिक विद्यालय के पास बैरिकेड लगाकर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन से आठ गोवंशीय पशु अमानवीय और ठूसकर भरे हुए मिले।
एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
पुलिस ने मौके से मनीष यादव उर्फ मोनू यादव, निवासी बहादुरपुर (थाना खुखुंदू), को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मनीष यादव पहले से गौ-तस्करी और कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। वाहन चालक और अन्य साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
कई धाराओं में केस दर्ज
आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5A/8 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेजने की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरा गिरोह उजागर किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : शीतकालीन सत्र में हंगामेदार एजेंडा: परमाणु ऊर्जा से लेकर उच्च शिक्षा सुधार तक, सरकार पेश करेगी 10 बड़े बिल
➤ You May Also Like




















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































