द देवरिया न्यूज़ : फैंसी कार नंबर का क्रेज हरियाणा के ऑनलाइन ऑक्शन में इस कदर सिर चढ़कर बोला कि जितनी कीमत एक महंगी कार की होती है, उससे दोगुनी-तिगुनी रकम सिर्फ नंबर प्लेट के लिए लगा दी गई। बुधवार को वीआईपी नंबर ‘HR88B8888’ के लिए 1.17 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बोली लगी। इसके साथ ही यह नंबर प्लेट आधिकारिक तौर पर भारत का सबसे महंगा कार रजिस्ट्रेशन नंबर बन गया।
हरियाणा में VIP और फैंसी नंबर प्लेट के लिए हर हफ्ते ऑनलाइन ऑक्शन होता है। शुक्रवार शाम 5 बजे से सोमवार सुबह 9 बजे के बीच आवेदक अपनी पसंद के नंबर के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद बुधवार शाम 5 बजे तक बोली लगाने का दौर जारी रहता है। यह पूरा ऑक्शन प्रक्रिया fancy.parivahan.gov.in पोर्टल पर पूरी तरह ऑनलाइन होती है।
हर मिनट बढ़ती रही बोली
हरियाणा ट्रांसपोर्ट कमिश्नर अतुल कुमार के अनुसार, यह बिडिंग प्रोसेस पूरी तरह ऑटोमेटेड और ऑनलाइन मोड में हुआ। इस हफ्ते बोली के लिए रखे गए सभी नंबरों में ‘HR88B8888’ पर सबसे ज्यादा 45 एप्लीकेशन आए थे। इस नंबर का बेस बिड प्राइस 50,000 रुपये तय किया गया था, जो हर मिनट बढ़ता रहा।
बुधवार दोपहर तक इसका रेट 88 लाख रुपये तक पहुंच गया, जबकि शाम 5 बजे अंतिम बोली 1.17 करोड़ रुपये पर जाकर रुकी।
क्यों खास है HR88B8888?
एक्सपर्ट के अनुसार, ‘8888’ वाला नंबर सबसे ज्यादा डिमांड में रहता है। इस रजिस्ट्रेशन नंबर HR88B8888 में कुल छह बार ‘8’ आता है, जिससे इसकी कीमत और बढ़ जाती है। साथ ही नंबर में इस्तेमाल हुआ बड़ा अक्षर ‘B’ भी देखने में ‘8’ जैसा दिखता है, जो इसे और भी खास बनाता है।
इसमें HR का मतलब हरियाणा, जबकि 88 बधरा सब-डिवीजन के रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस (RTO) को दर्शाता है।
पिछले हफ्ते भी हरियाणा में ऑनलाइन ऑक्शन के दौरान रजिस्ट्रेशन नंबर ‘HR22W2222’ की बोली 37.91 लाख रुपये तक पहुंची थी।
इसे भी पढ़ें : देवरिया में छात्रों ने टेलिस्कोप से देखा चंद्रमा के गड्ढे और शनि के छल्ले
➤ You May Also Like

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































