द देवरिया न्यूज़ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की मूर्तियों के साथ अक्सर शरारती तत्व छेड़छाड़ करते हैं। सरकार ने निर्णय लिया है कि राज्य में स्थित बाबा साहब की प्रत्येक प्रतिमा के चारों ओर सुरक्षात्मक बाउंड्री वॉल बनाई जाएगी। जहां मूर्तियों के ऊपर छत नहीं है, वहां छत का निर्माण कराया जाएगा और यदि कहीं कोई काम अधूरा है तो उसे भी जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर वे बाबा साहब की स्मृति को श्रद्धा के साथ नमन करते हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लालजी प्रसाद निर्मल द्वारा उठाई गई चतुर्थ श्रेणी संविदा सफाई कर्मियों की समस्या पर सरकार ने फैसला ले लिया है। कॉरपोरेशन का गठन किया गया है और एक-दो महीने में यह सुनिश्चित कर दिया जाएगा कि प्रत्येक संविदा एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मी को न्यूनतम मानदेय की गारंटी सरकार की तरफ से मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वंचित वर्गों को आज जो सम्मान और सुविधाएं मिल रही हैं, वह बाबा साहब की प्रेरणा का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘नया भारत’ आगे बढ़ रहा है। पंचतीर्थ निर्माण, एससी–एसटी छात्रों के लिए नई छात्रवृत्ति योजनाएं— ये सब बाबा साहब के समानता और आत्मसम्मान की विचारधारा को आगे बढ़ाते हैं।
सीएम योगी ने महापरिनिर्वाण दिवस पर अर्पित की श्रद्धांजलि
डॉ. आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हजरतगंज स्थित आंबेडकर महासभा कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ बौद्ध भिक्षुओं द्वारा बुद्ध वंदना और त्रिशरण पंचशील पाठ से हुआ।
संविधान की उद्देशिका को पाठ्यक्रमों में शामिल करने की मांग
डॉ. आंबेडकर महासभा ट्रस्ट के अध्यक्ष और एमएलसी डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने शुक्रवार को सीएम योगी को संविधान की प्रति भेंट करते हुए आग्रह किया था कि सरकारी पाठ्यक्रमों में संविधान की उद्देशिका, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, नीति निदेशक तत्व, संघीय ढांचा और न्यायपालिका की स्वतंत्रता जैसे विषयों को शामिल किया जाए।
सीएम योगी का सपा पर पलटवार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी और उसके नेता शुरू से ही आरक्षण और दलितों के मसीहा डॉ. आंबेडकर के विरोधी रहे हैं। मुख्यमंत्री रहते अखिलेश यादव ने दलित कर्मचारियों के प्रमोशन में आरक्षण समाप्त किया और दो लाख दलित कर्मियों को पदावनत कर उनका अपमान किया। अब वोट की राजनीति के लिए आरक्षण और आंबेडकर का नाम लिया जा रहा है।
बसपा ने 6 दिसंबर की नोएडा रैली रद्द की
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती 6 दिसंबर को नोएडा में डॉ. आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर प्रस्तावित रैली को संबोधित नहीं करेंगी। वह अपने आवास पर ही बाबा साहब को श्रद्धांजलि देंगी। मायावती ने कहा कि उनकी सुरक्षा व्यवस्था से आम लोगों को असुविधा होती है, इसलिए यह फैसला लिया गया है। उनका कहना है कि जयंती और पुण्यतिथि पर बड़ी संख्या में लोग स्मारक स्थलों पर पहुंचते हैं और सुरक्षा इंतजामों से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ती है।
सपा ने कार्यक्रम रद्द होने पर जताई नाराजगी
6 दिसंबर को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सपा द्वारा प्रस्तावित कार्यक्रम की अनुमति न मिलने पर समाजवादी पार्टी ने आपत्ति जताई। पार्टी ने इसे अलोकतांत्रिक और बाबा साहब के प्रति दुर्भावनापूर्ण रवैया बताया। सपा के सांसद आरके चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव को इस कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन भाजपा सरकार के दबाव में पुलिस प्रशासन ने इसे रद्द कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ वोट के लिए बाबा साहब का नाम लेती है। सपा जनता के बीच जाकर हर जगह परिनिर्वाण दिवस मनाएगी।
कार्यक्रम में सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : आजम खां और बेटे की मुश्किलें बढ़ीं: सजा बढ़ाने की मांग पर सेशन कोर्ट 23 दिसंबर को सुनाएगा फैसला
➤ You May Also Like

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































