द देवरिया न्यूज़,फतेहपुर: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार देर शाम फतेहपुर जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के खजुहा कस्बे पहुंचे। यहां उन्होंने 25 नवंबर को आत्महत्या करने वाले लेखपाल सुधीर कुमार कोरी के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। अखिलेश ने परिवार को ढांढस बंधाया, 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी और आरोपी अधिकारी पर मुकदमा दर्ज कर बर्खास्त करने की मांग की।
उन्होंने मृतक आश्रित परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी बात कही। योगी सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि आरोपी भाजपा से जुड़े अधिकारी हैं, इसलिए अब तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। सपा इस मुद्दे को लोकसभा में भी उठाएगी।
परिवार को दी 2 लाख की सहायता
अखिलेश यादव ने दुख की इस घड़ी में परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने तत्काल 2 लाख रुपये की सहायता राशि सौंपी। साथ ही सरकार से मांग की कि परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा और सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। आरोपी कानूनगो पर मुकदमा दर्ज कर तत्काल बर्खास्त करने की मांग भी दोहराई।
योगी सरकार पर किया हमला
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया के नाम पर कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा तहरीर देने के बावजूद आरोपी अधिकारी पर कार्रवाई न होना इस बात का संकेत है कि “बीजेपी के अधिकारी होने के कारण मुकदमा दर्ज नहीं किया जा रहा।”
क्या था पूरा मामला?
बिंदकी तहसील में तैनात 28 वर्षीय लेखपाल सुधीर कुमार कोरी को SIR प्रक्रिया के दौरान जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में सुपरवाइजर बनाया गया था। उनकी बरात 26 नवंबर को सीतापुर गांव में जानी थी, जिसके लिए उन्होंने छुट्टी मांगी थी, लेकिन अवकाश नहीं मिला। मीटिंग के दौरान ERO ने उन पर काम न करने को लेकर निलंबन व बर्खास्तगी की धमकी दी। इससे आहत होकर सुधीर ने 25 नवंबर की सुबह घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों का आरोप है कि कानूनगो ने घर आकर धमकी दी और दबाव बनाया, जिससे यह घटना हुई। लेखपाल संघ, कानूनगो संगठन और अन्य कर्मचारियों ने आरोपी अधिकारियों पर हत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : UP सरकार का बड़ा फैसला: अब आधार कार्ड जन्म प्रमाण पत्र के रूप में मान्य नहीं
➤ You May Also Like

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































