द देवरिया न्यूज़ : देवरिया क्लब परिसर में मंगलवार को रक्षाबंधन एवं कृषि मेले का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया। यह आयोजन दो भागों में विभाजित है। तीन दिवसीय रक्षाबंधन मेला 5 से 7 अगस्त तक और एक दिवसीय कृषि मेला 5 अगस्त को आयोजित किया गया। इस संयुक्त आयोजन का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी देना है।
रक्षाबंधन मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्वनिर्मित राखियां, हस्तशिल्प उत्पाद, खाद्य सामग्री एवं स्थानीय वस्तुओं की स्टॉलें लगाई गईं। कृषि मंत्री शाही ने इन स्टॉलों का अवलोकन किया और महिलाओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मंच पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। साथ ही उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने मंत्री को राखी बांधकर रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। मंत्री ने भी उनके उत्पादों की प्रशंसा करते हुए कुछ वस्तुएं खरीदीं। मेले के दौरान गर्भवती महिलाओं को पोषण सामग्री वितरित की गई। छह माह पूर्ण कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। श्री शाही ने बच्चों को खीर खिलाकर कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। मंत्री शाही ने कहा, “रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। महिलाओं को सम्मान और किसानों को साधन देना हमारी प्राथमिकता है।” इस आयोजन के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को प्रमुखता दी गई और किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों से अवगत कराया गया।
कृषि मेला-गोष्ठी: आधुनिक खेती और पर्यावरण संरक्षण पर बल
रक्षाबंधन मेले के साथ-साथ 5 अगस्त को एक दिवसीय किसान मेला एवं गोष्ठी का आयोजन भी किया गया। यह कार्यक्रम “प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू” एवं “कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम” के अंतर्गत आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि सूर्य प्रताप शाही ने किसानों को वैज्ञानिक विधियों से खेती, फसल अवशेष न जलाने और आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने किसानों से आह्वान किया कि वे विभागीय योजनाओं का लाभ उठाएं और नवाचार को अपनाएं।
नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय, अयोध्या की प्रोफेसर डॉ. साधना सिंह ने मिलेट्स (श्री अन्न) के पोषण व आर्थिक लाभों पर प्रकाश डाला। उप कृषि निदेशक शसुभाष मौर्य ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिकों ने उन्नत कृषि तकनीक, फसल अवशेष प्रबंधन, जैविक खेती और पर्यावरण संरक्षण के उपाय साझा किए। कार्यक्रम के अंत में कृषि मंत्री शाही ने उपस्थित जनसमूह को रक्षाबंधन, जन्माष्टमी एवं स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री भूपेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पं. गिरीश चंद्र तिवारी, पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर, मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रत्यूष पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अलका सिंह, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पवन मिश्र, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती उषा पासवान, जिला महामंत्री श्रीनिवास मणि, प्रमोद शाही, राजेश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधिगण, जिला स्तरीय अधिकारी, प्रगतिशील किसान, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं भारी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़े : रेल पटरी पर गेंदबाजी कर रहा युवक पहुंचा जेल, ट्रेन पर पत्थर मारने का आरोप
➤ You May Also Like




























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































