द देवरिया न्यूज़,दिल्ली : दिल्ली की हवा एक बार फिर बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई है। 12 दिसंबर को शाम चार बजे राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 349 दर्ज किया गया था, लेकिन रात के दौरान इसमें तेज उछाल देखने को मिला। शनिवार सुबह 10 बजे AQI बढ़कर 401 तक पहुंच गया, जिससे प्रदूषण ‘गंभीर’ श्रेणी में चला गया।
विशेषज्ञों के मुताबिक, हवा की रफ्तार बेहद धीमी रहने, वातावरण में स्थिरता और प्रतिकूल मौसमीय परिस्थितियों के कारण प्रदूषण के कण फैल नहीं पाए, जिससे हालात और बिगड़ गए। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए पूरे एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का चरण तीन लागू कर दिया गया है।
वायु गुणवत्ता के मौजूदा रुझानों और हालात के और खराब होने की आशंका को ध्यान में रखते हुए, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की GRAP उप-समिति ने पूरे एनसीआर में चरण तीन के तहत तय सभी सख्त उपायों को तत्काल प्रभाव से लागू करने का फैसला लिया है। यह व्यवस्था पहले से लागू चरण एक और चरण दो के उपायों के अतिरिक्त होगी।
इसके साथ ही एनसीआर के सभी प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों और संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे वायु गुणवत्ता को और बिगड़ने से रोकने के लिए निवारक कदमों को सख्ती से लागू करें।
GRAP के तहत वायु गुणवत्ता के स्तर इस प्रकार हैं—
चरण 1: खराब (AQI 201–300)
चरण 2: बहुत खराब (AQI 301–400)
चरण 3: गंभीर (AQI 401–450)
चरण 4: गंभीर प्लस (AQI 450 से ऊपर)
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल AQI 401 से 450 के बीच दर्ज किया जा रहा है, जिसके चलते स्टेज तीन के सभी प्रतिबंध प्रभावी कर दिए गए हैं।
इसे भी पढ़ें : श्रीरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 पेटी अवैध देशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त
➤ You May Also Like


























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































