Breaking News
ट्रेंडिंग न्यूज़देवरिया न्यूज़उत्तर प्रदेश न्यूज़राष्ट्रीय न्यूज़अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़राजनीतिक न्यूज़अपराधिक न्यूज़स्पोर्ट्स न्यूज़एंटरटेनमेंट न्यूज़बिज़नस न्यूज़टेक्नोलॉजी अपडेट लेटेस्ट गैजेट अपडेटमौसम

अमेरिका-वेनेजुएला संबंधों में नरमी के संकेत, ट्रंप ने वाणिज्यिक हवाई क्षेत्र दोबारा खोलने का किया ऐलान

Published on: January 30, 2026
US–Venezuela relations

द देवरिया न्यूज़,वॉशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को घोषणा की कि अमेरिका वेनेजुएला के ऊपर अपने सभी वाणिज्यिक हवाई क्षेत्र को दोबारा खोलने जा रहा है। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने वेनेजुएला की नेता डेल्सी रोड्रिगेज को इस फैसले की जानकारी दे दी है और अमेरिकी नागरिक जल्द ही वेनेजुएला की यात्रा कर सकेंगे।

ट्रंप ने बताया कि उन्होंने अमेरिका के परिवहन मंत्री शॉन डफी और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दिन के अंत तक हवाई क्षेत्र को औपचारिक रूप से खोलने की प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने कहा, “अमेरिकी नागरिक बहुत जल्द वेनेजुएला जा सकेंगे और उन्हें वहां पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।” इस फैसले को दोनों देशों के बीच लंबे समय से जमे तनाव में संभावित नरमी के तौर पर देखा जा रहा है।

वेनेजुएला में राजदूत की तैनाती की तैयारी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका वेनेजुएला में जल्द ही अपने राजदूत की भी तैनाती कर सकता है। यदि ऐसा होता है, तो यह अमेरिका-वेनेजुएला कूटनीतिक संबंधों की बहाली की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। गौरतलब है कि निकोलस मादुरो सरकार के कार्यकाल के दौरान अमेरिका ने वेनेजुएला से अपने राजदूत को वापस बुला लिया था, जिसके बाद दोनों देशों के रिश्तों में काफी तल्खी आ गई थी।

हालांकि, मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वेनेजुएला की राजनीतिक स्थिति में बदलाव आया है और अमेरिका का प्रभाव वहां बढ़ा हुआ माना जा रहा है। ऐसे में राजनयिक प्रतिनिधित्व की बहाली से द्विपक्षीय संवाद को नई दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है।

अमेरिका के खिलाफ लातिन अमेरिकी देशों में बढ़ती एकजुटता

इस बीच, लातिन अमेरिकी देशों के नेताओं ने क्षेत्र में बढ़ते राजनीतिक ध्रुवीकरण और वेनेजुएला में अमेरिका के हालिया हस्तक्षेप के बीच क्षेत्रीय एकता पर जोर दिया है। बुधवार को पनामा सिटी में ‘डेवलपमेंट बैंक ऑफ लैटिन अमेरिकन एंड कैरेबियन’ (CAF) द्वारा आयोजित एक आर्थिक मंच में कई देशों के नेता शामिल हुए।

ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा ने मंच से अमेरिका का नाम लिए बिना उसकी हालिया नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि बाहरी हस्तक्षेप और राजनीतिक दबावों के कारण लातिन अमेरिका में विभाजन बढ़ा है, जिसका असर ‘कम्युनिटी ऑफ लैटिन अमेरिकन एंड कैरेबियन स्टेट्स’ (CELAC) के कामकाज पर भी पड़ा है। लूला ने कहा कि CELAC क्षेत्र की सभी सरकारों को एक साथ लाने वाला इकलौता मंच है, लेकिन मौजूदा हालात में वहां गतिरोध बना हुआ है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका और वेनेजुएला के बीच हालिया कदम न सिर्फ द्विपक्षीय रिश्तों को प्रभावित करेंगे, बल्कि पूरे लातिन अमेरिकी क्षेत्र की राजनीति पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।


इसे भी पढ़ें : ईरान पर संभावित हमले की तैयारी में अमेरिका, मध्य पूर्व में THAAD और पैट्रियट सिस्टम तैनात; भारत पर भी पड़ सकता है असर

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Reply