द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में हुई पत्थरबाजी की घटना को लेकर दिल्ली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस मामले में यूट्यूबर सलमान की तलाश की जा रही है। पुलिस का आरोप है कि उसने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को एकत्र होने के लिए उकसाया, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बना।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में सामने आया है कि इलाके के कुछ प्रभावशाली लोगों ने अपने-अपने व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए लोगों को जमा होने के लिए उकसाया। कथित तौर पर इनका मकसद हालात बिगाड़ना और प्रशासन व पुलिस की कार्रवाई में बाधा डालना था।
सूत्रों ने यह भी बताया कि घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी से पूछताछ हो सकती है। पत्थरबाजी की घटना से पहले वह मौके पर मौजूद थे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुरोध के बावजूद वह आसपास ही बने रहे। दिल्ली पुलिस जल्द ही उन्हें जांच में शामिल होने के लिए समन भेज सकती है।
दिल्ली पुलिस इस मामले में अब तक 30 लोगों की पहचान कर चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज, बॉडी कैमरों और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
गौरतलब है कि बुधवार सुबह तुर्कमान गेट इलाके में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर पत्थरबाजी की गई थी। आरोप है कि कुछ स्थानीय युवकों ने मस्जिद तोड़े जाने की अफवाह फैलाई, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति पर काबू पाया। इस घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
इसे भी पढ़ें : आवारा कुत्तों के मामले में सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी, गेटेड कम्युनिटी को फैसला लेने का अधिकार होना चाहिए
➤ You May Also Like


























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































