द देवरिया न्यूज़,पटना : बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ एनडीए ने अपना मुख्य सचेतक नियुक्त कर दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में शामिल ग्रामीण विकास मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि भाजपा के अनुभवी नेता विनोद नारायण झा को उप मुख्य सचेतक बनाया गया है।
श्रवण कुमार लंबे समय से नीतीश कुमार के करीबी और भरोसेमंद सहयोगी माने जाते हैं। दोनों की राजनीतिक साझेदारी तीन दशक से भी अधिक पुरानी है। बिहार की राजनीति में श्रवण कुमार एक जाना-पहचाना नाम हैं और उनका राजनीतिक सफर करीब पांच दशक पहले शुरू हुआ था।
उनकी राजनीति की शुरुआत 1974 के ऐतिहासिक जेपी आंदोलन से हुई, जिसमें नीतीश कुमार भी सक्रिय रूप से शामिल थे। इसी दौरान, जब वे हजारीबाग जेल में बंद थे, तब उन्हें जननायक कर्पूरी ठाकुर का सानिध्य मिला, जिसने उनके राजनीतिक जीवन की दिशा तय कर दी।
1985 में नालंदा विधानसभा सीट के उपचुनाव में श्रवण कुमार ने लोकदल के प्रत्याशी के रूप में पहला चुनाव लड़ा। उस समय इस सीट से कई बड़े नेता दावेदारी कर रहे थे, लेकिन कर्पूरी ठाकुर ने श्रवण कुमार पर भरोसा जताते हुए उन्हें टिकट दिया। हालांकि, चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिली और वे हार गए।
पराजय के बाद हताश श्रवण कुमार जब कुछ समय तक कर्पूरी ठाकुर से नहीं मिले, तो ठाकुर ने उन्हें बुलाकर राजनीति का अहम सबक दिया। उन्होंने कहा था कि पार्टी टिकट केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं, बल्कि नेता तैयार करने के लिए दिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि विपरीत परिस्थितियों में मिले कुछ हजार वोट भी भविष्य की बड़ी जीत की नींव बनते हैं। यही सीख श्रवण कुमार के राजनीतिक सफर की प्रेरणा बनी, जो आज उन्हें विधानसभा में एनडीए के मुख्य सचेतक के पद तक ले आई है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार बाइक पिकअप से टकराई, युवक की मौत
➤ You May Also Like


























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































