द देवरिया न्यूज़,देवरिया : मईल और बरहज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गबन के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गबन किया गया ट्रक और सरिया बेचकर हासिल किए गए 4.75 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय यादव, निवासी उन्नाव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, कानपुर के बाबूपुरवा निवासी ट्रक मालिक मजीद अहमद ने मईल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका ट्रक संख्या यूपी 78 सीएन 5845 एक फरवरी को पटना (बिहार) से सरिया लादकर हरदोई और कानपुर के लिए रवाना हुआ था। ट्रक को चालक अजय यादव और खलासी कयूम अंसारी चला रहे थे।
निर्धारित समय पर ट्रक गंतव्य तक नहीं पहुंचा। जब ट्रक मालिक ने चालक से संपर्क किया तो उसने मईल थाना क्षेत्र में होने की जानकारी दी। इसके कुछ समय बाद चालक और खलासी दोनों के मोबाइल फोन बंद हो गए। कई दिनों तक कोई सूचना न मिलने पर ट्रक मालिक को गबन की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
तहरीर के आधार पर मईल थाने में बीएनएस की धारा 316(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मईल और बरहज थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश तेज कर दी।
शुक्रवार को सूचना मिली कि आरोपी कुंडौली तिराहे के पास मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर अजय यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर गबन किया गया ट्रक भी बरामद कर लिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया : खामपार हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, दो अपाचे बाइक बरामद
➤ You May Also Like



































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































