द देवरिया न्यूज़/नई दिल्लीः कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के पति और बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों पर गंभीर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग की भूमिका पर ही प्रश्न चिह्न लगा दिया है। आईएएनएस को दिए एक इंटरव्यू में वाड्रा ने दावा किया कि अगर बिहार में बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाएं तो नतीजे पूरी तरह बदल जाएंगे। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी, लालू प्रसाद यादव के परिवार, राहुल के विदेश दौरों और बीजेपी की आलोचनाओं पर भी बेबाकी से जवाब दिए।
धार्मिक यात्राओं को राजनीति से जोड़ना गलत: वाड्रा
इंटरव्यू में वाड्रा ने कहा कि उनकी धार्मिक यात्राओं को लगातार राजनीति से जोड़ना भाजपा की रणनीति है। उन्होंने कहा, “मैं गांधी परिवार का हिस्सा हूं, इसलिए सबसे पहले निशाना मुझ पर साधा जाता है। 2014 के बाद मुझ पर कई बेबुनियाद आरोप लगाए गए लेकिन ईडी ने भी कुछ नहीं पाया। मैं जमीन से जुड़ा आदमी हूं और लोगों की वास्तविक समस्याएं सुनकर उनका समाधान खोजने की कोशिश करता हूं। बीजेपी नेहरू जी तक को निशाना बनाती है, अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए।”
“बिहार चुनाव निष्पक्ष नहीं था, जनता में अविश्वास है”
बिहार चुनाव पर बोलते हुए वाड्रा ने चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “यह चुनाव बिल्कुल साफ नहीं था। लोग खुले तौर पर कह रहे हैं कि धांधली हुई है। मुख्य चुनाव आयुक्त को लोग भाजपा की बी-टीम कह रहे हैं। तेजस्वी यादव और राहुल गांधी की रैलियों में लाखों लोग थे, फिर भी ऐसा नतीजा आया—ये कहीं से भी सामान्य चुनाव जैसा नहीं था।”
उन्होंने आगे कहा कि जनता के मन में गहरी शंका है और वे विरोध जताएंगे।
“नतीजों ने लोगों का चुनावी प्रक्रिया पर विश्वास कमजोर किया है।”
“बैलेट पेपर से चुनाव हो तो नतीजे बदल जाएंगे”
रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) पर जनता का भरोसा लगातार घटा है। उन्होंने दो टूक कहा, “अगर बिहार में बैलेट पेपर से फिर से चुनाव हो जाए, नतीजे पूरी तरह उलट जाएंगे। जनता बदलाव चाहती थी, लेकिन जो परिणाम आया वह उनकी मंशा को नहीं दर्शाता।”
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी सुरक्षित रहेगा जब चुनाव निष्पक्ष हों।
“अगर इसी तरह सरकारें बनती रहीं तो लोकतंत्र पर खतरा बढ़ेगा।”
राहुल गांधी पर सवाल बेबुनियाद: वाड्रा
राहुल गांधी की राजनीतिक क्षमता पर टिप्पणी करने वालों को जवाब देते हुए वाड्रा ने कहा,
“अगर हम जीत जाते तो यही लोग राहुल गांधी को अगले प्रधानमंत्री के रूप में पेश करते। राहुल और प्रियंका ने अपने परिवार से बहुत कुछ सीखा है और वे देशहित के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। हार-जीत उनका फोकस नहीं है; उनका लक्ष्य भारत को धर्मनिरपेक्ष और मजबूत बनाना है।”
उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी लगातार जनता के बीच रहते हैं और चुनाव परिणामों के बाद भी बिहार में मौजूद हैं।
विदेश यात्राओं पर सवाल दोहरा मापदंड
बीजेपी द्वारा राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाने को वाड्रा ने दोहरा रवैया बताया। उन्होंने कहा, “दिल्ली में बम धमाका हुआ तो प्रधानमंत्री भूटान में थे। लेकिन राहुल अगर कड़ी मेहनत के बाद अपने परिवार या मित्रों से मिलने जाएं तो उन पर आरोप लगाया जाता है। असली मुद्दे बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और निष्पक्ष चुनाव हैं—लेकिन ध्यान भटकाने के लिए ऐसी बातें की जाती हैं।”
“भारत में नेपाल जैसी अराजकता की आशंका नहीं”
यह पूछे जाने पर कि क्या भारत में नेपाल जैसी सत्ता-पलट या अराजकता की स्थिति बन सकती है, वाड्रा ने कहा कि वे किसी भी रूप में हिंसा के पक्षधर नहीं हैं। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि “लोग गुस्से में हैं और जहां उन्हें लगेगा कि चुनाव चोरी हुए हैं, वहां वे शांतिपूर्ण विरोध जरूर करेंगे।”
लालू यादव के परिवारिक मसलों पर टिप्पणी से इंकार
लालू प्रसाद यादव के परिवार में कथित कलह पर वाड्रा ने किसी भी टिप्पणी से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “यह उनका निजी मामला है। मैं लालू जी और उनके पूरे परिवार का सम्मान करता हूं। राजनीति अलग होती है, परिवार अलग। मैं खुद कई साल परेशानियों में रहा लेकिन कभी देश छोड़ने नहीं सोचा।”
“राहुल चाहे तो टीम बदलेंगे—यह उनका निर्णय”
राहुल गांधी की टीम में बदलाव की संभावनाओं पर वाड्रा ने कहा कि यह पूरी तरह राहुल का व्यक्तिगत निर्णय है। “मैं जमीनी स्तर पर काम करता हूं और जो लोग मुझे मिलते हैं, उनकी आवाज राहुल और प्रियंका तक पहुंचाता हूं। हमारा परिवार देशहित में निडर होकर काम करता रहेगा।”
इसे भी पढ़ें : मानवता के खिलाफ अपराध में दोषी करार: बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना को फांसी की सजा
➤ You May Also Like


























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































