द देवरिया न्यूज़ : देवरिया/रुद्रपुर। पंचायत चुनाव को सुचारू और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने जिले में डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया है। जिले के 16 विकास खंडों में कुल 3,95,926 डुप्लीकेट वोटरों के सत्यापन में अब तक 73 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। सत्यापन के दौरान 46,319 मतदाता अवैध पाए गए हैं, जिन्हें वोटर सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अभी भी 1,05,960 मतदाताओं का सत्यापन बाकी है, जिसके पूरा होने के बाद मतदाता सूची से बाहर किए जाने वाले अवैध नामों की संख्या और बढ़ सकती है। सभी ब्लॉकों से प्राप्त सत्यापन रिपोर्ट को अपलोड करने के बाद आगामी 5 दिसंबर को पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा ऑनलाइन डेटाबेस में चिन्हित डुप्लीकेट वोटरों का फील्ड सत्यापन कराया जा रहा है। वर्तमान स्थिति के अनुसार, भलुअनी, सलेमपुर, रुद्रपुर और देसही देवरिया ब्लॉकों ने 80 प्रतिशत से अधिक सत्यापन पूरा कर लिया है। वहीं, देवरिया सदर, बैतालपुर, पथरदेवा और भागलपुर में 57 प्रतिशत रिपोर्ट अपलोड की जा चुकी है।
अब तक के सर्वे में सबसे अधिक अवैध डुप्लीकेट वोटर भलुअनी ब्लॉक में पाए गए हैं, जहां 7,951 नाम गलत पाए गए। इसके विपरीत पथरदेवा ब्लॉक में सबसे कम 492 अवैध वोटर मिले हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी ब्लॉकों को 5 दिसंबर तक सत्यापन रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। निर्धारित तिथि के बाद प्रत्येक ग्राम पंचायत का अंतिम आंकड़ा साफ हो जाएगा कि कितने डुप्लीकेट मतदाता वैध पाए गए और कितने पूरी तरह हटाए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें : टाटा ने लॉन्च की नई Sierra SUV, Grand Vitara को मिलेगी कड़ी टक्कर—मिलिए फीचर्स, इंजन और कीमत के अंतर से
➤ You May Also Like




























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































