द देवरिया न्यूज़/नई दिल्ली: एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को देश में मुसलमानों के साथ भेदभाव बढ़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2019 में अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से लेकर हाल के दिनों में दिल्ली में हुए धमाके तक कई घटनाओं ने मुसलमानों की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
ओवैसी ने कहा कि देश में मुसलमानों से “बार-बार वफादारी का सबूत” मांगा जाता है, जबकि मुसलमानों ने हमेशा देश के प्रति अपनी निष्ठा निभाई है। उन्होंने कहा, “हमने बहुत कुछ सहा है और भविष्य में भी सहना पड़ेगा, लेकिन हमने कभी अपने वतन से नफरत नहीं की। अगर मुसलमानों के साथ अन्याय होगा, तो यह भारत को ही कमजोर करेगा।”
जूता फेंकने की घटना का जिक्र
ओवैसी ने हाल में पूर्व चीफ जस्टिस बी.आर. गवई पर जूता फेंकने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मामले में प्रतिक्रिया बेहद सीमित रही। उनका कहना था कि “अगर यह घटना किसी मुसलमान ने की होती, तो माहौल बिल्कुल अलग होता।” ओवैसी ने अयोध्या फैसले के बाद मुसलमानों की प्रतिक्रिया का उदाहरण देते हुए कहा कि “हमारे पक्ष में फैसला न होने के बावजूद किसी ने अदालत में अनुशासन नहीं तोड़ा।”
दिल्ली कार बम मामले पर प्रतिक्रिया
दिल्ली के लाल किले के पास कार बम धमाके की घटना का जिक्र करते हुए ओवैसी ने आरोपियों की कठोर निंदा की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएँ देश के लिए खतरा हैं और किसी भी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले अपराधियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। “जो मुल्क का दुश्मन है, वह हमारा दुश्मन है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं से देश की छवि को नुकसान पहुंचता है और इससे कानून-व्यवस्था पर सवाल उठते हैं।
“मुसलमान सम्मान के साथ रहेंगे”
ओवैसी ने कहा कि मुसलमानों को “दूसरे दर्जे का नागरिक” बनाने की सोच ठीक नहीं है और भारत का संविधान हर नागरिक को समान अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि मुसलमान लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहेंगे।
ओवैसी ने कहा, “हम देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में रहकर अपनी मस्जिदों और अपने अधिकारों की रक्षा करते रहेंगे। एक इमारत टूट जाए, तो हम मिलकर कई नई इमारतें खड़ी कर सकते हैं, लेकिन अपने अधिकारों से पीछे नहीं हटेंगे।”
इसे भी पढ़ें : नीतीश कुमार ने दारोगा राय पथ स्थित नवनिर्मित MLA डुप्लेक्स आवास का निरीक्षण किया, जल्द होगा आवंटन
➤ You May Also Like


























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































