द देवरिया न्यूज़,नोएडा। सेक्टर-104 स्थित एक हाईराइज सोसायटी में शनिवार सुबह इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की 17वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से कानपुर निवासी अजय गर्ग IOC के दिल्ली कार्यालय में तैनात थे। वह नोएडा के सेक्टर-104 स्थित एटीएस वन हेमलेट सोसायटी में अपनी पत्नी मयूरी गर्ग के साथ रहते थे, जबकि उनका बेटा मुंबई में नौकरी करता है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शनिवार सुबह करीब 10:20 बजे अजय गर्ग अपनी पत्नी से कुछ देर बातचीत करने के बाद मोबाइल पर बात करते हुए बालकनी में गए थे, क्योंकि अंदर नेटवर्क नहीं मिल रहा था। इसी दौरान वह नीचे गिर गए। सोसायटी के निवासियों ने उन्हें तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा था या आत्महत्या। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और परिजनों व सोसायटी के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : मुस्तफिजुर को केकेआर से रिलीज करने पर सियासी बयानबाजी तेज, संगीत सोम बोले– यह सनातनियों की जीत
➤ You May Also Like


























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































