द देवरिया न्यूज़ ,रांची/चाईबासा। झारखंड के चाईबासा सदर अस्पताल में थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाने के मामले ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस गंभीर लापरवाही पर तत्काल संज्ञान लेते हुए सिविल सर्जन, एचआईवी यूनिट के प्रभारी चिकित्सक और संबंधित तकनीशियन समेत अन्य पदाधिकारियों को निलंबित करने का आदेश दिया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पीड़ित बच्चों के उपचार का पूरा खर्च उठाएगी और उनके परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को चेतावनी दी कि राज्य में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह मामला 13 सितंबर का है, जब सात थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को संक्रमित रक्त चढ़ाया गया था। 18 अक्टूबर को जांच रिपोर्ट में इन बच्चों में एचआईवी संक्रमण की पुष्टि हुई। परिजनों ने इस पर तकनीकी अधिकारियों की लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी।
इसके बाद शनिवार को गठित पांच सदस्यीय जांच टीम ने चाईबासा पहुंचकर मामले की जांच की। जांच में छह और बच्चों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। इस पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने तत्काल एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया है, जिसे एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि संक्रमित रक्त की आपूर्ति अस्पताल के रक्त अधिकोष से हुई थी या बाहर से। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमण की पूर्ण पुष्टि में चार सप्ताह का समय लगता है। यदि “विंडो पीरियड” के दौरान संक्रमित व्यक्ति का रक्त किसी मरीज को चढ़ा दिया जाए, तो संक्रमण की संभावना बढ़ जाती है।
मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि बच्चों के जीवन से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही को कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इसे भी पढ़ें : देवरिया में दलित बस्ती के बीच बन रहे ईंट भट्ठे पर बवाल: ग्रामीणों ने डीएम से की शिकायत, निर्माण पर रोक की मांग
➤ You May Also Like


























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































