देवरिया। भटनी थाना क्षेत्र के खिरिया गांव में गुरुवार सुबह एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शेषनाथ यादव उर्फ अंकित (24 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने घर में टेबल फैन का प्लग बोर्ड में लगा रहे थे।
परिजनों के अनुसार, घटना सुबह करीब 7 बजे की है। प्लग लगाते समय शेषनाथ अचानक करंट की चपेट में आ गए। उन्हें बेहोशी की हालत में भटनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया।
दोपहर बाद इलाज के दौरान शेषनाथ ने दम तोड़ दिया। जैसे ही गांव में उनकी मौत की खबर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। मां छठी देवी और भाई भोला यादव का रो-रोकर बुरा हाल है।
शेषनाथ दो भाइयों और छह बहनों में सबसे छोटे थे। उनका स्वभाव मिलनसार था और गांव में सभी से अच्छे संबंध थे। उनकी असमय मृत्यु से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। आस-पड़ोस के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंचे।
➤ You May Also Like




























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































