द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और बढ़ते तनाव के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को देश की सुरक्षा तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। राजधानी दिल्ली में आयोजित इस अहम बैठक में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान, थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह सहित रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के अध्यक्ष डॉ. समीर कामत और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में क्षेत्रीय हालात और उनके भारत की सुरक्षा पर संभावित प्रभावों को ध्यान में रखते हुए व्यापक समीक्षा की गई। सेना की तैयारियों, रणनीतिक तैनाती और समन्वय को लेकर भी चर्चा हुई।
‘पश्चिम एशिया के हालात चिंताजनक’
इससे पहले हल्द्वानी में एक कार्यक्रम के दौरान राजनाथ सिंह ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे हमले न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि मौजूदा संकट का समाधान युद्ध नहीं, बल्कि संवाद और कूटनीति के जरिए ही संभव है।
भारत का स्पष्ट रुख
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत ने इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि वर्तमान समय में दुनिया की सबसे गंभीर समस्या पश्चिम एशिया का संघर्ष है, जिसका समाधान केवल बातचीत और कूटनीति से ही निकाला जा सकता है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर कई क्षेत्रों में संघर्ष जारी हैं और दुनिया एक चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रही है। ऐसे में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए सभी देशों को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है। इस बीच, भारत की सुरक्षा एजेंसियां और सशस्त्र बल क्षेत्रीय हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं।
इसे भी पढ़ें : यूपी में अंतर्राज्यीय साइबर ठगी गिरोह का खुलासा, 1 अरब रुपये की हेराफेरी का आरोप
➤ You May Also Like


























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































