द देवरिया न्यूज़ ,अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या रविवार की शाम भक्ति और आस्था के अद्भुत संगम से आलोकित हो उठी। सरयू तट पर दीपों का सागर उमड़ा और आसमान में ‘जय श्रीराम’ के जयघोष गूंज उठे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां सरयू की आरती कर दीपोत्सव-2025 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल रहा।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, “रामभक्तों के लहू से कभी लथपथ रही यह अयोध्या आज दीपों के सागर में नहा रही है। यही नया भारत है—जो अपनी आस्था, अस्मिता और विकास, तीनों में आत्मविश्वास से जगमगा रहा है।”
26 लाख से अधिक दीपों से जगमगाई अयोध्या
सरयू घाट पर पूजन और आरती के बाद सीएम योगी ने राम कथा पार्क पहुंचकर लाखों श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव का यह नवां संस्करण अब उत्तर प्रदेश की नई पहचान बन चुका है।
मुख्यमंत्री के आह्वान पर जब श्रद्धालुओं ने अपने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर ‘जय श्रीराम’ का उद्घोष किया, तो पूरा राम कथा पार्क एक ज्योति पर्व में बदल गया।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने अयोध्या को “अपमान की छाया” से मुक्त किया है। पहले जो लोग आस्था का मजाक उड़ाते थे, रामभक्तों और कारसेवकों से लथपथ अयोध्या की गलियों को याद करते थे, आज उन्हें 26 लाख 17 हजार दीपों की रोशनी चुभ रही है। योगी ने बताया कि यह सभी दीप स्थानीय प्रजापति और कुम्हार समुदाय के परिश्रम से बने हैं, जिससे हजारों परिवारों को रोजगार मिला है।
विपक्ष पर निशाना—“रामद्रोही दीपोत्सव को कैसे पसंद करेंगे”
सीएम योगी ने विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “जो राम को नहीं मानते, जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, उन्हें यह भव्य दीपोत्सव रास नहीं आता।”
उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए कुछ लोग दीपावली से दूरी बनाकर सैफई में जलसों पर करोड़ों खर्च करते थे, जबकि कब्रिस्तान की बाउंड्री पर पैसे बहा देते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा, “अपने जन्मदिन पर बर्किंघम की बग्घी में सवारी कर जनता को गुलामी की मानसिकता में धकेलने वाले आज फिर जातिवाद और विद्वेष फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे रामद्रोही दीपोत्सव की इस रोशनी को कैसे सह पाएंगे?”
“बिना रुके, बिना झुके आगे बढ़ेगा उत्तर प्रदेश”
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि नए भारत की आस्था और विकास का प्रतीक है। “उत्तर प्रदेश अब अंधकार से उजाले की ओर बढ़ रहा है। हमारी सरकार बिना रुके, बिना झुके विकास की यात्रा जारी रखेगी।” उन्होंने कहा कि भारत एक रहेगा तो किसी की आस्था का अपमान नहीं होगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से एकजुट रहने का आह्वान किया और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
फिर रचा गया विश्व कीर्तिमान
इस वर्ष दीपोत्सव ने एक बार फिर इतिहास रच दिया। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों ने अयोध्या के इस भव्य आयोजन को देखा और 26,17,215 दीपों के एक साथ प्रज्ज्वलन को विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया। यह उपलब्धि राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, इससे जुड़े महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों के शिक्षकों-छात्रों, साधु-संतों, स्वयंसेवी संस्थाओं और प्रशासनिक अधिकारियों के सामूहिक प्रयासों से संभव हुई। जैसे ही गिनीज टीम ने विश्व रिकॉर्ड बनने की घोषणा की, पूरा शहर ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गूंज उठा और दीपों की रोशनी में सरयू तट जगमगा उठा।
भावुक हुए मुख्यमंत्री, मिला प्रमाण पत्र
विश्व रिकॉर्ड की घोषणा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक हो उठे। उनके चेहरे पर प्रसन्नता की झलक और दोनों हाथ ऊपर उठाकर जनता का अभिवादन देखने लायक था।
पर्यटन-संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और प्रमुख सचिव (पर्यटन-संस्कृति) अमृत अभिजात ने मुख्यमंत्री को गिनीज बुक प्रमाण पत्र सौंपा। योगी ने प्रमाण पत्र को ऊपर उठाकर सभी उपस्थित जनों का अभिवादन किया।
अयोध्या—विश्व पटल पर चमकता प्रतीक
दीपोत्सव-2025 ने एक बार फिर साबित किया कि अयोध्या अब केवल धार्मिक पहचान नहीं, बल्कि विश्व मंच पर भारतीय संस्कृति, आस्था और गौरव का प्रतीक बन चुकी है।
सीएम योगी ने कहा—“यह दीप केवल मिट्टी के नहीं, बल्कि नए भारत की आशा और आत्मविश्वास के प्रतीक हैं। रामलला के दरबार से निकली यह रोशनी देश को एकता, विश्वास और विकास के पथ पर आगे बढ़ाएगी।”
इसे भी पढ़ें : देवरिया: तीन भाइयों पर कोटे की दुकान में धांधली और 14 परिजन के नाम पर अंत्योदय कार्ड बनवाने का आरोप, 16 लोगों पर केस दर्ज
➤ You May Also Like


























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































