द देवरिया न्यूज़,वॉशिंगटन : अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित ला गार्डिया एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब लैंडिंग के दौरान एक विमान रनवे पर खड़े वाहन से टकरा गया। इस दुर्घटना में विमान और वाहन दोनों को भारी नुकसान हुआ, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, कनाडा के मॉन्ट्रियल से आ रहा एयर कनाडा एक्सप्रेस का CRJ-900 रीजनल जेट लैंडिंग के दौरान एक गाड़ी से टकरा गया। हादसे के बाद एहतियातन एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।
राहत-बचाव कार्य जारी
न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि रनवे पर विमान और वाहन के बीच टक्कर हुई, जिसके बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए आपात सेवाएं सक्रिय रहीं।
FAA ने उड़ानों पर लगाई रोक
अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने इस घटना को देखते हुए ला गार्डिया एयरपोर्ट पर आने वाली सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोकने का निर्देश दिया। आपात स्थिति के कारण एयरपोर्ट संचालन कुछ समय के लिए बंद रखा गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो और ऑडियो वायरल
हादसे से जुड़े कई वीडियो और ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। वीडियो में टक्कर के बाद विमान का अगला हिस्सा ऊपर उठा हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे नुकसान की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
वहीं, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की कथित ऑडियो क्लिप में अधिकारियों के बीच घबराहट साफ सुनाई देती है। एक आवाज में ‘मुझसे गलती हो गई’ जैसी बात भी सुनाई दे रही है, जबकि दूसरी क्लिप में एक अधिकारी ‘प्लीज रुको’ कहते हुए सुना जा सकता है। फिलहाल घटना की जांच जारी है और अधिकारियों द्वारा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : PM मोदी ने रचा इतिहास, बने भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले सरकार प्रमुख
➤ You May Also Like


















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































