द देवरिया न्यूज़,मॉस्को : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की खुलकर सराहना करते हुए उसे एक संप्रभु देश और भरोसेमंद साझेदार बताया है। पुतिन ने यह बयान रविवार को सेंट पीटर्सबर्ग में सुप्रीम यूरेशियन इकनॉमिक काउंसिल के उद्घाटन समारोह के दौरान दिया। इस बैठक का उद्देश्य यूरेशियन इकनॉमिक यूनियन (EAEU) के सदस्य देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करना है।
अपने संबोधन में पुतिन ने कहा कि EAEU ने खुद को उभरती हुई बहुध्रुवीय (मल्टीपोलर) दुनिया में एक आत्मनिर्भर आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित कर लिया है। गौरतलब है कि यूरेशियन इकनॉमिक यूनियन की स्थापना वर्ष 2015 में रूस, बेलारूस और कजाकिस्तान ने की थी, जिसमें बाद में आर्मेनिया और किर्गिस्तान भी शामिल हुए।
बैठक के दौरान भारत का उल्लेख करते हुए पुतिन ने कहा, “हम भारत के साथ एक और वरीयता वाले व्यापार समझौते पर काम कर रहे हैं। भारत एक संप्रभु देश है, भरोसेमंद साझेदार है और जिसकी आबादी 1.4 अरब है तथा अर्थव्यवस्था लगभग 4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की है।” उन्होंने उम्मीद जताई कि सुप्रीम यूरेशियन इकनॉमिक काउंसिल की यह बैठक सभी सदस्य देशों के आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर प्रगति में सहायक साबित होगी।
भारत दौरे से लौटने के बाद पुतिन लगातार सार्वजनिक मंचों पर भारत की प्रशंसा करते नजर आए हैं। इसी महीने की शुरुआत में उन्होंने भारत का दौरा किया था, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता हुई थी। फरवरी 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यह पुतिन का पहला भारत दौरा था, जिस पर वैश्विक स्तर पर खास नजरें टिकी हुई थीं।
यह दौरा ऐसे समय में हुआ था, जब अमेरिका ने रूसी तेल की खरीद को लेकर अगस्त में 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया था। नई दिल्ली में पुतिन ने स्पष्ट किया था कि रूस भारत को सस्ती और किफायती दरों पर निर्बाध तेल आपूर्ति जारी रखेगा।
इसी बीच समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय तेल रिफाइनर्स ने उन रूसी कंपनियों से कच्चा तेल खरीदना फिर से शुरू कर दिया है, जिन पर पश्चिमी देशों के प्रतिबंध लागू नहीं हैं।
इसे भी पढ़ें : देवरिया–कसया मार्ग को मिलेगी बड़ी राहत, छोटी गंडक पर नए पुल को शासन की मंजूरी
➤ You May Also Like










































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































