द देवरिया न्यूज़,मुंबई : भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को उनके अनोखे बल्लेबाजी अंदाज के चलते ‘मिस्टर 360’ कहा जाता है। यह पहचान उनसे पहले सिर्फ दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स को ही मिली थी। लेकिन अब खुद सूर्यकुमार यादव ने यह तमगा किसी और को दे दिया है। ‘SKY’ ने मुंबई पुलिस को असली ‘360’ बताते हुए सोशल मीडिया पर उनकी जमकर सराहना की है।
इसके लिए सूर्यकुमार यादव ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट से एक खास पोस्ट साझा की है, जिसमें उन्होंने मुंबई पुलिस के एक पुराने इंस्टाग्राम पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए उन्हें बधाई दी।
क्या है सूर्या का पोस्ट?
सूर्यकुमार यादव ने 29 दिसंबर को दोपहर 2:17 बजे किए गए अपने पोस्ट में मुंबई पुलिस के इंस्टाग्राम अकाउंट के एक पुराने पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर किया। इस पोस्ट में एक दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाज के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए नजर आता है। साथ ही तस्वीर के निचले हिस्से में ट्रैफिक सिग्नल पर जेबरा क्रॉसिंग के पीछे खड़ी गाड़ियां दिखाई देती हैं।
इस पोस्ट के थंबनेल टेक्स्ट में लिखा है, “खेल पूरी तरह लाइन के सही साइड पर खड़ा होने से जुड़ा हुआ है।” वीडियो में बल्लेबाज के स्टंप आउट होने का दृश्य दिखाया गया है। यह पोस्ट मुंबई पुलिस ने जेबरा क्रॉसिंग को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शेयर किया था।
मुंबई पुलिस ही असली 360: सूर्या
इस स्क्रीनशॉट के साथ सूर्यकुमार यादव ने कैप्शन लिखा,
“मुंबई पुलिस ही असली 360 है, जो पिछले 10 साल से सोशल मीडिया पर हर एंगल से लोगों को अलर्ट कर रही है।”
इसके साथ ही उन्होंने #MumbaiPoliceFantastic10, #10YearsOfDigitalConnection और #MumbaiPoliceForAll जैसे हैशटैग्स का इस्तेमाल किया।
माना जा रहा है कि सूर्या ने यह पोस्ट मुंबई पुलिस के सोशल मीडिया पर 10 साल पूरे होने की उपलब्धि पर उन्हें बधाई देने के लिए किया है।
न्यूजीलैंड सीरीज की तैयारी में जुटे सूर्या
इस बीच सूर्यकुमार यादव क्रिकेट के मैदान पर भी पूरी तरह फोकस किए हुए हैं। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज की तैयारी में जुटे हैं, जो 11 जनवरी से शुरू होगी। इस दौरे में पहले वनडे और फिर टी20 सीरीज खेली जाएगी। यह टी20 सीरीज भारत की टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले आखिरी अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला होगी।
टी20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा, जहां टीम इंडिया लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। ऐसे में टीम की सफलता की बड़ी जिम्मेदारी कप्तान सूर्यकुमार यादव के कंधों पर होगी, जो हाल के दिनों में बल्ले से अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।
इसे भी पढ़ें : बांग्लादेश चुनावों पर सवाल: तारिक रहमान के वोटर रजिस्ट्रेशन को लेकर अवामी लीग ने उठाए निष्पक्षता पर गंभीर आरोप
➤ You May Also Like










































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































