द देवरिया न्यूज़,खार्तूम : सूडान में जारी गृहयुद्ध के बीच एक बार फिर मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। पूर्व दारफुर राज्य की राजधानी अल-दाइन स्थित एक टीचिंग अस्पताल पर हुए भीषण हमले में कम से कम 64 लोगों की मौत हो गई, जबकि 89 लोग घायल हो गए हैं। मृतकों में 13 बच्चे भी शामिल हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इस हमले की पुष्टि की है।
WHO के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार रात अस्पताल को निशाना बनाया गया। इस हमले में दर्जनों मरीजों के साथ दो महिला नर्स और एक पुरुष डॉक्टर की भी जान चली गई। घायलों में आठ स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर असर पड़ा है।
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के कार्यालय ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि दारफुर में अस्पताल पर हमला बेहद चिंताजनक है। हमले के बाद अस्पताल के बच्चों, मातृत्व (मैटरनिटी) और इमरजेंसी विभाग को भारी नुकसान पहुंचा, जिसके चलते अस्पताल को बंद करना पड़ा।
सूडान के मानवाधिकार संगठन ‘इमरजेंसी लॉयर्स’ ने आरोप लगाया है कि यह हमला सूडान की सेना द्वारा ड्रोन के जरिए किया गया। गौरतलब है कि पश्चिमी दारफुर के कई इलाकों पर विद्रोही समूह ‘रैपिड सपोर्ट फोर्सेज’ (RSF) का नियंत्रण है, जबकि सेना देश के अन्य हिस्सों में सक्रिय है। दोनों के बीच जारी संघर्ष में आम नागरिक लगातार हिंसा का शिकार हो रहे हैं।
WHO के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं पर हमलों में 2036 लोगों की मौत हो चुकी है। अप्रैल 2023 से शुरू हुए सेना और RSF के बीच युद्ध ने सूडान को दुनिया के सबसे गंभीर मानवीय संकटों में बदल दिया है। अब तक हजारों लोग मारे जा चुके हैं, जबकि करीब 1.2 करोड़ लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं।
संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क ने बताया कि पिछले आठ दिनों में ही ड्रोन हमलों में 200 से अधिक आम नागरिक मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं पर हमले अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन हैं।
लगातार निंदा के बावजूद सूडान में अस्पतालों पर हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इस वर्ष अब तक मेडिकल सुविधाओं पर 12 हमले हो चुके हैं, जिनमें 178 लोगों की मौत और 237 लोग घायल हुए हैं। इन घटनाओं ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता और बढ़ा दी है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया : बघौचघाट खनुआ नाले पर बनेगा नया पुल, 23.95 करोड़ की मंजूरी से देवरिया-कुशीनगर को मिलेगी बड़ी राहत
➤ You May Also Like










































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































