द देवरिया न्यूज़,ढाका : बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने बुधवार को देश की वैश्विक छवि को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर दस्तावेजों की जालसाजी और धोखाधड़ी के कारण बांग्लादेश ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बेहद नकारात्मक पहचान बना ली है। ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, यूनुस ने स्वीकार किया कि जाली दस्तावेजों की समस्या ने बांग्लादेश की विश्वसनीयता को गहरा नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा, “हमने धोखाधड़ी में ऐसी बदनामी कमाई है, जिसका कोई मुकाबला नहीं है।”
‘सब कुछ नकली हो गया है’
यूनुस ने कहा, “कई जगहों पर हमारी पहचान ही नकली से जुड़ गई है। पासपोर्ट, वीजा और शैक्षणिक प्रमाणपत्रों तक को लेकर सवाल उठते हैं। कुछ देश हमारे पासपोर्ट स्वीकार करने से भी इनकार कर रहे हैं।”
उन्होंने यह टिप्पणी शेर-ए-बांग्ला नगर स्थित बांग्लादेश-चीन फ्रेंडशिप कॉन्फ्रेंस सेंटर में चार दिवसीय डिजिटल डिवाइस एंड इनोवेशन एक्सपो 2026 के उद्घाटन के दौरान की।
जाली दस्तावेजों के कारण वीजा रिजेक्शन
यूनुस ने कहा कि विदेशों में बांग्लादेशी नागरिकों के वीजा खारिज होने की एक बड़ी वजह नकली शैक्षणिक और पेशेवर प्रमाणपत्र हैं।
उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा, “मैंने ऐसे मामले देखे हैं, जहां लोग नकली दस्तावेजों के आधार पर वीजा के लिए आवेदन करते हैं। एक महिला ने खुद को डॉक्टर बताकर आवेदन किया, लेकिन उसके सभी दस्तावेज जाली पाए गए।”
कुछ देशों में बांग्लादेशियों की एंट्री पर रोक
यूनुस के अनुसार, इस तरह की धोखाधड़ी के चलते कुछ देशों ने बांग्लादेशी नागरिकों, यहां तक कि नाविकों की एंट्री पर भी रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि इसका असर देश की अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर पड़ रहा है।
टेक्नोलॉजी का गलत इस्तेमाल न करने की अपील
अंतरिम सरकार प्रमुख ने कहा कि धोखाधड़ी में बुद्धिमत्ता और तकनीकी कौशल का इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन गलत उद्देश्यों के लिए। उन्होंने कहा, “अगर हमें टेक्नोलॉजी और इनोवेशन में आगे बढ़ना है, तो ईमानदारी और पारदर्शिता को प्राथमिकता देनी होगी। हम नहीं चाहते कि बांग्लादेश को धोखाधड़ी की फैक्ट्री के रूप में जाना जाए।”
‘काबिलियत के दम पर पहचान बनानी होगी’
यूनुस ने कहा कि बांग्लादेश को अपनी असली क्षमता और मेहनत के बल पर वैश्विक मंच पर सम्मान हासिल करना होगा। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि दुनिया हमें हमारी योग्यता, नवाचार और ईमानदारी के लिए जाने—न कि जाली दस्तावेजों और धोखाधड़ी के लिए।”
इसे भी पढ़ें : देवरिया: UGC के प्रस्तावित बदलावों के विरोध में छात्रों का धरना, समान अधिकार नीति की मांग
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































