द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय टीम के सभी प्रमुख खिलाड़ियों को विजय हजारे ट्रॉफी में कम से कम दो मुकाबले खेलने का निर्देश दिया है। हालांकि, इस सूची में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को शामिल नहीं किया गया है। बोर्ड का फोकस आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को देखते हुए बुमराह की फिटनेस पर है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत में अब ज्यादा समय नहीं बचा है और ऐसे में बुमराह का पूरी तरह फिट रहना टीम इंडिया के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। पिछले टी20 विश्व कप में बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की खिताबी जीत में निर्णायक भूमिका निभाई थी और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया था।
न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से मिल सकता है आराम
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जसप्रीत बुमराह को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए आराम दिया जा सकता है। हालांकि, पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए उन्हें टीम में शामिल किया गया है।
अहमदाबाद में नेट्स पर दिखे बुमराह
आराम के बावजूद बुमराह क्रिकेट से दूर नहीं हैं। स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को वह अहमदाबाद के गुजरात कॉलेज ग्राउंड में नेट प्रैक्टिस करते नजर आए। उस समय वहां तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का मुकाबला खेला जा रहा था।
रिपोर्ट के मुताबिक, बुमराह ने पहले वार्म-अप किया और फिर छोटे रन-अप से गेंदबाजी शुरू की। इसके बाद उन्होंने अपने सामान्य रन-अप से गेंदें फेंकीं, हालांकि वह पूरी रफ्तार से गेंदबाजी नहीं कर रहे थे। उन्होंने गुजरात के बल्लेबाजों को गेंदबाजी की। इस दौरान गुजरात रणजी टीम के कोच हितेश मजूमदार भी मौजूद थे।
32 वर्षीय बुमराह घरेलू क्रिकेट में गुजरात का प्रतिनिधित्व करते हैं।
इंजरी को देखते हुए सतर्कता
जसप्रीत बुमराह को मौजूदा दौर में विश्व का नंबर-एक तेज गेंदबाज माना जाता है। उन्होंने अब तक 52 टेस्ट में 234 विकेट, 89 वनडे में 149 विकेट और 83 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 103 विकेट हासिल किए हैं। वह 2023 विश्व कप फाइनल के बाद से कोई वनडे मैच नहीं खेले हैं। इंजरी से जुड़ी समस्याओं के कारण टीम प्रबंधन और चयनकर्ता उनके वर्कलोड को लेकर बेहद सतर्क हैं और उन्हें लेकर हर फैसला सोच-समझकर लिया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Realme ला सकती है 10,001mAh बैटरी वाला स्मार्टफोन, पावर बैंक जैसी होगी बैटरी ताकत
➤ You May Also Like










































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































