द देवरिया न्यूज़,बिजनौर/धामपुर : उत्तर प्रदेश के धामपुर का 28 वर्षीय यूट्यूबर सौमिल अग्रवाल पिछले करीब एक महीने से इजरायल में फंसा हुआ है। 24 फरवरी 2026 को शूटिंग के सिलसिले में इजरायल गए सौमिल की स्थिति अब बेहद चिंताजनक बताई जा रही है। युद्ध जैसे हालात के बीच वह तेल अवीव के एक होटल के बंकर में छिपकर दिन गुजारने को मजबूर हैं। परिवार ने भारत सरकार से उन्हें सुरक्षित वापस लाने की अपील की है।
धामपुर के मोहल्ला बक्कालान निवासी और खैराती स्वीट्स के मालिक राजीव अग्रवाल के इकलौते बेटे सौमिल एक लोकप्रिय यूट्यूबर हैं। वे एक कंपनी के निमंत्रण पर कुछ दिनों की शूटिंग के लिए इजरायल गए थे, लेकिन इसी दौरान इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष शुरू हो गया। हालात बिगड़ने के कारण उनकी वापसी संभव नहीं हो सकी और वे वहीं फंस गए।
फोन पर परिवार से बातचीत में सौमिल ने बताया कि इजरायल की स्थिति बेहद खराब है और लगातार हमलों के कारण भारी तबाही हो रही है। सुरक्षा कारणों से उन्हें बंकर में रहना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि उनके पास पैसे भी लगभग खत्म हो चुके हैं और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है।
खाने-पीने की समस्या भी उनके लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। कंपनी की ओर से भोजन की व्यवस्था तो की जा रही है, लेकिन शुद्ध शाकाहारी भोजन नहीं मिलने के कारण उन्हें काफी परेशानी हो रही है। सौमिल मांसाहारी भोजन नहीं करते, ऐसे में उनके सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है। इसके अलावा वे सीमित कपड़े लेकर गए थे, जो अब गंदे हो चुके हैं और साफ-सफाई की सुविधा भी नहीं मिल पा रही है।
भारत लौटने में ट्रांजिट वीजा की समस्या भी आड़े आ रही है। यूरोप के रास्ते वापसी संभव है, लेकिन वीजा न होने के कारण वे आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। इस स्थिति ने परिवार की चिंता और बढ़ा दी है।
परिवार के रिश्तेदार आशीष सिंघल और पूर्व पालिका अध्यक्ष लीना सिंघल ने बताया कि वे लगातार सौमिल के संपर्क में हैं और उनकी स्थिति बेहद दयनीय है। वहीं मां पारुल अग्रवाल अपने इकलौते बेटे की चिंता में बेहद व्यथित हैं। परिवार ने केंद्र सरकार से जल्द हस्तक्षेप कर सौमिल को सुरक्षित भारत लाने की गुहार लगाई है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया में कृषि मंत्री का दावा: 9 साल में यूपी बना नया कृषि मॉडल, किसानों को मिली बड़ी राहत
➤ You May Also Like





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































