द देवरिया न्यूज़,क्रिकेट : भारतीय टीम के अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने विदर्भ के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी में अपने दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। बड़ौदा की ओर से खेलते हुए हार्दिक ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए जोरदार शतकीय पारी खेली और एक ओवर में लगातार पांच छक्के जड़कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
बड़ौदा की टीम एक समय मुश्किल में थी और उसका स्कोर छह विकेट पर सिर्फ 136 रन था। ऐसे में सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे हार्दिक पांड्या ने मोर्चा संभाला और अकेले दम पर पारी को संभालते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उन्होंने 93 गेंदों में 133 रन की तूफानी पारी खेली।
हार्दिक ने मात्र 68 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। अपनी इस पारी में उन्होंने 11 छक्के और आठ चौके लगाए। यह लिस्ट ए क्रिकेट में उनका पहला शतक रहा, जो उन्होंने अपने 119वें मैच में लगाया। खास बात यह रही कि विजय हजारे ट्रॉफी में यह उनका पहला मुकाबला था और उन्होंने टी20 विश्व कप से पहले बल्लेबाजी में शानदार संकेत दिए।
हार्दिक ने विदर्भ के स्पिनर पार्थ रेखाडे को खास तौर पर निशाना बनाया। 39वें ओवर में उन्होंने इस गेंदबाज के खिलाफ कुल 34 रन बटोरे, जिसमें पांच छक्के और एक चौका शामिल रहा। हार्दिक ने पहली पांच गेंदों पर लगातार छक्के लगाए, हालांकि आखिरी गेंद पर चौका लगने के कारण वह छह गेंदों में छह छक्के लगाने की उपलब्धि से चूक गए।
हार्दिक की इस विस्फोटक पारी की बदौलत बड़ौदा ने नौ विकेट पर 293 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। उनकी पारी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बड़ौदा की ओर से दूसरा सर्वोच्च स्कोर विष्णु सोलंकी का रहा, जिन्होंने महज 26 रन बनाए।
इसे भी पढ़ें : इंदौर दूषित पानी मौत मामला: राहुल गांधी ने BJP सरकार पर साधा निशाना, पीएम मोदी की चुप्पी पर उठाए सवाल
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































