द देवरिया न्यूज़,काराकास। वेनेजुएला की राजधानी काराकास में 3 जनवरी को हुए कथित अमेरिकी सैन्य ऑपरेशन को लेकर चौंकाने वाले दावे सामने आए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी आर्मी ने एक विशेष अभियान के तहत राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लिया। यह ऑपरेशन महज आधे घंटे में पूरा कर लिया गया। दावा किया जा रहा है कि इस कार्रवाई के दौरान अमेरिका ने खतरनाक सोनिक हथियारों का इस्तेमाल किया, जिससे मादुरो के सुरक्षाकर्मी पूरी तरह बेबस हो गए।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, हमले के चश्मदीद एक गार्ड ने बताया कि अचानक एक बेहद तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। गार्ड का कहना है कि उस आवाज ने न केवल सैनिकों की शारीरिक क्षमता को खत्म कर दिया, बल्कि रडार और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम भी ठप हो गए। कई सुरक्षाकर्मी खड़े रहने तक में असमर्थ हो गए और कुछ के नाक से खून बहने लगा, जबकि कई ने खून की उल्टियां कीं।
गार्ड ने बताया कि पहरे के दौरान अचानक सभी रडार सिस्टम बंद हो गए और आसमान में कई ड्रोन मंडराने लगे। इससे पहले कि वे कोई जवाबी कार्रवाई कर पाते, अमेरिकी यूनिट के आठ हेलीकॉप्टर और लगभग 20 सैनिक मादुरो के आवास में दाखिल हो गए। उनके मुताबिक, पूरी मुठभेड़ एकतरफा थी। वेनेजुएला की सुरक्षा बल अमेरिकी हथियारों की रफ्तार और सटीकता के सामने टिक नहीं पाए। “हमारे पास जवाब देने का कोई मौका नहीं था,” गार्ड ने कहा।
हमले के दौरान इस्तेमाल की गई एक रहस्यमयी डिवाइस का जिक्र करते हुए गार्ड ने बताया कि यह किसी शक्तिशाली साउंड वेव जैसी थी। “ऐसा लगा जैसे सिर अंदर से फट जाएगा। हम जमीन पर गिर पड़े और हिल तक नहीं पाए,” उसने कहा। इन बयानों के बाद माना जा रहा है कि यह हमला सोनिक या डायरेक्टेड एनर्जी वेपन के जरिए किया गया।
एक पूर्व अमेरिकी इंटेलिजेंस सूत्र ने भी संकेत दिया है कि यह तकनीक डायरेक्टेड एनर्जी वेपन्स से मिलती-जुलती हो सकती है, जिनमें माइक्रोवेव या लेजर जैसी फोकस्ड एनर्जी का इस्तेमाल किया जाता है।
सोनिक हथियार क्या हैं?
सोनिक हथियार ध्वनि तरंगों पर आधारित होते हैं। इनसे पैदा होने वाली अत्यधिक तेज और केंद्रित आवाज सिरदर्द, चक्कर, मतली, नाक से खून और गंभीर शारीरिक असहजता पैदा कर सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, ट्रांसड्यूसर्स की मदद से बिजली को ध्वनि ऊर्जा में बदला जाता है, जिसे किसी खास लक्ष्य पर केंद्रित किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें : पीएम विश्वकर्मा हाट 2026 का उद्घाटन, कारीगरों को मिला प्रतिभा दिखाने और बाजार से जुड़ने का मंच
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































