द देवरिया न्यूज़,वाराणसी : वाराणसी में मणिकर्णिका घाट को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। बुलडोजर कार्रवाई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्ती से जुड़ी भ्रामक खबरें और तस्वीरें वायरल करने के मामले में चौक थाने में 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर मणिकर्णिका घाट से जुड़े कई फोटो और वीडियो वायरल हो रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान इन तस्वीरों को एआई जनरेटेड और भ्रामक बताया था। इसके कुछ ही देर बाद वाराणसी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित सोशल मीडिया हैंडल्स और व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
जानकारी के अनुसार, मणिकर्णिका घाट पर सुंदरीकरण कार्य करा रही निर्माण कंपनी के पदाधिकारी की तहरीर पर यह मुकदमे दर्ज किए गए हैं। आरोप है कि एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वास्तविक तथ्यों के विपरीत हिंदू देवी-देवताओं की गलत और भ्रामक तस्वीरें साझा की गईं, जिससे समाज में आक्रोश फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया गया।
इसके अलावा घाट के सुंदरीकरण कार्य को लेकर एआई से बनाई गई तस्वीरें और गलत सूचनाएं प्रसारित की गईं। पुलिस ने इस मामले में 8 अलग-अलग मुकदमे दर्ज करते हुए 8 व्यक्तियों और संबंधित एक्स हैंडल्स को नामजद किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 298, 299 और 353 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक और संवेदनशील जानकारी फैलाने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इसे भी पढ़ें : बघौचघाट : ह्यूमन केयर पैथोलॉजी टीम बनी विजेता,सखिनी में डे-दुक्की क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांचक समापन
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































