द देवरिया न्यूज़,देवरिया : देवरिया जिले में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य समारोह में कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने परेड की सलामी ली और कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर पुलिस विभाग के जवानों के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत आकर्षक झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद उन्होंने शांति और सौहार्द के प्रतीक के रूप में सफेद कबूतर उड़ाए। मंत्री ने खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया और पुलिस कर्मियों को संविधान के प्रति निष्ठा व कर्तव्यपरायणता की शपथ दिलाई।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो दर्जन से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी, जिसने मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान की मर्यादा और अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि बताते हुए सभी नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही पुलिस कर्मियों से निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।
इस मौके पर जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी, पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन सहित जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। पुलिस लाइन परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था। परेड ग्राउंड की आकर्षक सजावट और फूलों से सजे अशोक स्तंभ ने समारोह की भव्यता को और बढ़ा दिया।
इसे भी पढ़ें : देवरिया में 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह के साथ मनाया गया, शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































