द देवरिया न्यूज़,मुंबई : महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया है कि जो ताकतें मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करना चाहती हैं, वही आज केंद्र और राज्य की सत्ता में हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर नगर निकायों पर भी ऐसी शक्तियों का नियंत्रण हो गया, तो मराठी मानूस पूरी तरह कमजोर हो जाएगा।
राज ठाकरे और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे का संयुक्त साक्षात्कार का पहला भाग गुरुवार को शिवसेना के मुखपत्र सामना में प्रकाशित हुआ। इस साक्षात्कार में राज ठाकरे ने कहा कि वह और उनके चचेरे भाई किसी राजनीतिक अस्तित्व के लिए नहीं, बल्कि महाराष्ट्र में मराठी मानूस के अस्तित्व और अधिकारों की रक्षा के लिए एक साथ आए हैं।
यह साक्षात्कार शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद और सामना के कार्यकारी संपादक संजय राउत तथा प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक महेश मांजरेकर ने लिया। गौरतलब है कि पिछले महीने 15 जनवरी को होने वाले बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनावों के लिए ठाकरे भाइयों ने अपनी-अपनी पार्टियों के गठबंधन की घोषणा की थी।
“मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करने की साजिश जारी”
साक्षात्कार में राज ठाकरे ने कहा कि राज्य के बाहर से आने वाले लोग अब सिर्फ आजीविका के लिए नहीं आ रहे हैं, बल्कि वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र भी बना रहे हैं। उन्होंने दावा किया, “यह एक पुराना घाव है। मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करने के सपने को साकार करने की कोशिशें आज भी जारी हैं।”
राज ठाकरे ने कहा कि मौजूदा हालात संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के समय जैसे हैं, जब गुजरात मुंबई को अपने राज्य में शामिल करना चाहता था। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भाजपा नगर निकायों पर नियंत्रण कर लेती है, तो मराठी मानूस कुछ भी नहीं कर पाएगा।
नगर निकायों पर नियंत्रण जरूरी
मनसे प्रमुख ने कहा कि इस स्थिति पर रोक लगाने के लिए नगर निकायों पर नियंत्रण बेहद जरूरी है, खासकर मुंबई, पुणे, ठाणे, नासिक, मीरा-भयंदर, कल्याण-डोम्बिवली और छत्रपति संभाजीनगर जैसे प्रमुख शहरों में।
उद्धव ठाकरे का सरकार पर हमला
साक्षात्कार में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने राज्य सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि भाजपा विकास का दावा करती है, लेकिन यह विकास नहीं बल्कि विनाश है। उन्होंने इसे “बिना योजना का विकास” करार दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा, “सरकार को खुद नहीं पता कि वह क्या चाहती है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग मराठी या महाराष्ट्र से होने के बावजूद मुंबई की जनता से कोई सरोकार नहीं रखते और केवल ठेकेदारों के हित में काम कर रहे हैं।
मादक पदार्थों के बढ़ते खतरे पर चिंता
राज ठाकरे ने राज्य में बढ़ते मादक पदार्थों के खतरे को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजनीति में पैसे के बढ़ते इस्तेमाल और मादक पदार्थों की आसान उपलब्धता के बीच संबंध को समझना जरूरी है। राज ठाकरे का दावा है कि नशीली दवाओं के खिलाफ छापेमारी लगभग बंद हो चुकी है और राज्य में ड्रग तस्करी पर कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया : पंचायत भवन से ग्राम विकास अधिकारी 24 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































