द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से हटाए जाने का मामला अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ता जा रहा है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपनी अंतरिम सरकार के निर्देश पर इस मुद्दे को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के सामने उठाया है। बीसीबी ने भारत में अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए ICC से टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश के मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ICC ने बांग्लादेश की मांग को देखते हुए संभावित नए शेड्यूल पर काम शुरू कर दिया है, हालांकि अब तक इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अगर मैच भारत से बाहर शिफ्ट होते हैं, तो इसका सीधा असर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के रेवेन्यू और आयोजन व्यवस्था पर पड़ सकता है।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा के मुद्दे को लेकर भारत में विरोध शुरू हो गया। कई हिंदू संगठनों और धर्म गुरुओं ने KKR प्रबंधन और टीम मालिक शाहरुख खान पर दबाव बनाया। हालात बिगड़ते देख BCCI ने KKR को दूसरा खिलाड़ी चुनने का निर्देश दिया, जिसके बाद मुस्तफिजुर को टीम से रिलीज कर दिया गया।
इस फैसले से नाराज बांग्लादेश सरकार ने पहले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी टीम भारत नहीं भेजने का ऐलान किया और फिर BCB ने ICC को पत्र लिखकर भारत में खिलाड़ियों की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए मैच शिफ्ट करने की मांग रखी।
अगर मैच शिफ्ट हुए तो क्या होगा
टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश ग्रुप-सी में है, जहां उसे इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, नेपाल और इटली से खेलना है। मौजूदा शेड्यूल के अनुसार, बांग्लादेश के तीन मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स और एक मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने हैं।
यदि ये मैच भारत से बाहर शिफ्ट होते हैं, तो कोलकाता और मुंबई जैसे बड़े क्रिकेट केंद्रों को स्थानीय कारोबार और पर्यटन के लिहाज से बड़ा नुकसान होगा। इसके साथ ही BCCI को भी आयोजन से जुड़े रेवेन्यू में कमी झेलनी पड़ सकती है।
टिकट और ब्रॉडकास्ट रेवेन्यू पर असर
ईडन गार्डन्स और वानखेड़े जैसे स्टेडियम पूरी तरह भरने की स्थिति में लाखों दर्शकों की टिकट बिक्री होती है। मैच शिफ्ट होने पर ICC को करोड़ों रुपये के टिकट रेवेन्यू का नुकसान हो सकता है। वहीं, BCCI को मैच-डे ऑपरेशंस, लोकल स्पॉन्सरशिप और स्टेडियम के अंदर होने वाले बिजनेस से मिलने वाली आय पर भी असर पड़ेगा।
BCCI की ICC में स्थिति पर भी असर की आशंका
विशेषज्ञों का मानना है कि यह विवाद केवल आर्थिक नुकसान तक सीमित नहीं रहेगा। इससे ICC में BCCI की राजनीतिक और रणनीतिक स्थिति पर भी असर पड़ सकता है। एशियाई देशों के समर्थन के सहारे ICC में प्रभाव बनाए रखने वाली BCCI को बांग्लादेश के अलग रुख से झटका लग सकता है। यदि अन्य एशियाई या सहयोगी देश भी बांग्लादेश के पक्ष में खड़े होते हैं, तो ICC में भारत की वोटिंग ताकत कमजोर हो सकती है। अब सबकी नजर ICC के अंतिम फैसले पर टिकी है। आने वाले दिनों में यह साफ हो जाएगा कि बांग्लादेश के मैच भारत में ही रहेंगे या वर्ल्ड कप के शेड्यूल में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
इसे भी पढ़ें : बांग्लादेश में हिंदू व्यापारी को जिंदा जलाने का मामला, तीन आरोपी गिरफ्तार
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































